रूस के संसदीय चुनाव के अंतिम दिन मॉस्को पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला

मॉस्को, 20 सितंबर (वार्ता) रूस में संसदीय चुनाव के अंतिम दिन रविवार को यूक्रेन ने राजधानी मॉस्को और आसपास के इलाकों पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। रिपोर्टों के अनुसार, हमले में 1,000 से अधिक ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।
रूसी अधिकारियों के मुताबिक, हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हुई और एक तेल रिफाइनरी को नुकसान पहुंचा। मॉस्को के महापौर ने आरोप लगाया कि यूक्रेन ने चुनाव को बाधित करने के उद्देश्य से हमला किया।

रूस और यूक्रेन के बीच सप्ताहांत में भी हमले जारी रहे और दोनों पक्षों ने ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया।

मॉस्को के महापौर सर्गेई सोबयानिन ने राजधानी और आसपास के क्षेत्र पर यूक्रेनी ड्रोन हमले को “अभूतपूर्व” बताया। उन्होंने कहा कि शनिवार से रूसी वायु रक्षा प्रणालियों ने 1,600 से अधिक ड्रोन को रोका है, जिनमें करीब 450 मॉस्को की ओर बढ़ रहे थे।

श्री सोबयानिन ने हमले को चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि चुनाव बाधित करने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह सफल नहीं हुई। उन्होंने कहा, “यह स्पष्ट रूप से चुनाव को बाधित करने के उद्देश्य से सुनियोजित था। दुश्मन इसमें सफल नहीं हुआ।”

उन्होंने बताया कि कई ड्रोन एक तेल रिफाइनरी के परिसर तक पहुंच गए, जबकि एक अन्य ड्रोन ने एक आवासीय इमारत को निशाना बनाया।

मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि हमले में दो लोगों की मौत हुई और छह अन्य घायल हुए। कई मकानों को नुकसान पहुंचा तथा आवासीय इलाकों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। एक बहुमंजिला इमारत से सैकड़ों लोगों को बाहर निकाला गया।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने लंबी दूरी के हमलों की सराहना की, लेकिन उन्हें सीधे चुनाव से नहीं जोड़ा। उन्होंने कहा कि हमलों से मॉस्को क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ और उन प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया, जिनसे रूस के युद्ध प्रयासों के लिए धन जुटाया जाता है।

यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने कहा कि मुख्य निशाना कपोतन्या इलाके में स्थित गाजप्रोम नेफ्ट की मॉस्को तेल रिफाइनरी थी, जो उत्पादन क्षमता के लिहाज से रूस की सबसे बड़ी रिफाइनरियों में से एक है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रातभर में 1,110 यूक्रेनी ड्रोन और अन्य मानवरहित हवाई वाहनों को रोका और नष्ट किया गया।

ये हमले रूस में संसदीय चुनाव के तीसरे और अंतिम दिन हुए। यह फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के पूर्ण पैमाने पर हमले के बाद पहला राज्य ड्यूमा चुनाव है।

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस चुनाव को सरकार की नीतियों और यूक्रेन में युद्ध के प्रति जनता के समर्थन की परीक्षा के रूप में पेश किया है। रिपोर्ट के अनुसार, मजबूत विपक्ष की गैरमौजूदगी में सत्तारूढ़ यूनाइटेड रशिया पार्टी के राज्य ड्यूमा में अपना प्रभुत्व बनाए रखने की व्यापक उम्मीद है। रूस द्वारा कब्जे में लिए जाने का दावा किए गए यूक्रेन के चार क्षेत्रों में भी मतदान हो रहा है, हालांकि रूस का इन क्षेत्रों पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं है।

इस बीच, रूस ने यूक्रेन पर भी हवाई हमले जारी रखे। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि कीव क्षेत्र में रातभर हुए हमलों में बच्चों समेत कई लोग हताहत हुए। जेलेंस्की ने कहा कि एक सप्ताह के दौरान रूस ने यूक्रेन पर 2,000 से अधिक हमलावर ड्रोन, 1,700 हवाई बम और 19 मिसाइलें दागीं।

ये हमले ऐसे समय हुए हैं जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि रूस और यूक्रेन एक-दूसरे के ऊर्जा ढांचे को निशाना नहीं बनाने पर सहमत हुए हैं।

श्री ट्रंप ने शुक्रवार को रूस की अर्थव्यवस्था को निशाना बनाने वाले प्रतिबंध संबंधी विधेयक पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत रूस के तेल और गैस के सबसे बड़े खरीदारों पर शुल्क लगाने का प्रावधान है। इस कानून के तहत अमेरिकी राष्ट्रपति को रूस के तेल और गैस के प्रमुख खरीदारों, जिनमें चीन और भारत भी शामिल हैं, पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का अधिकार दिया गया है।

.....

Next Post

तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने इलाके में निकाला जुलूस

Sun Sep 20 , 2026
भोपाल: थाना तलैया क्षेत्र में तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी एक दुकानदार को डराने-धमकाने के लिए पहुंचे थे और तलवार लहराकर इलाके में भय का माहौल बनाया था। मामले में कार्रवाई करते हुए तलैया पुलिस ने तीनों आरोपियों […]

You May Like