इंदौर: बाईपास स्थित ढाबों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता की स्थिति जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शुक्रवार को सघन निरीक्षण अभियान चलाया. खाद्य अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि टीम ने माया खेड़ी क्षेत्र में दो ढाबों की जांच कर कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए. इन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है.
जांच के दौरान एमएस जम्मू कश्मीर ढाबा में खाद्य पंजीयन प्रमाण-पत्र प्रदर्शित नहीं मिला. पानी की जांच रिपोर्ट और खाद्य कर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण संबंधी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे. कुछ खाद्य सामग्री के पैकेट खुले मिले, जबकि वॉश एरिया में पानी जमा होने के साथ जल निकासी और स्वच्छता व्यवस्था में भी कमियां पाई गईं। यहां से पनीर, तुअर दाल और मिक्स दाल के तीन नमूने लिए गए.
इसी तरह गिल दा ढाबा-2 में भंडारण क्षेत्र अव्यवस्थित मिला. फर्श की स्थिति, किचन की सफाई और एग्जॉस्ट पर जमी ग्रीस को लेकर भी कमियां सामने आईं. शाकाहारी और मांसाहारी कच्ची सामग्री एक ही फ्रीजर में रखी मिली. यहां से आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए. अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
