
पथरिया/दमोह। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) व तहसीलदार कार्यालय पथरिया को आईएसओ 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के तहत पंजीकरण प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है। क्यूआरओ द्वारा कार्यालय का स्वतंत्र मूल्यांकन किया गया। जिसके बाद निर्धारित गुणवत्ता प्रबंधन मानकों के अनुरूप पाए जाने पर प्रमाण-पत्र जारी किया गया। प्रमाण-पत्र के अनुसार एसडीएम व तहसीलदार कार्यालय, पथरिया, जिला दमोह को आईएसओ 9001:2015 के तहत गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के लिए पंजीकृत किया गया है। इसके अंतर्गत कार्यालय की विभिन्न प्रशासनिक गतिविधियों को निर्धारित दायरे में शामिल किया गया है। प्रमाण-पत्र में राजस्व प्रशासन, सार्वजनिक शिकायत निवारण, भूमि अभिलेख व राजस्व मामलों का प्रशासन, चुनाव व जनगणना समन्वय, आपदा प्रबंधन, कानून व व्यवस्था समन्वय, ई-गवर्नेंस सेवाएं तथा नागरिक-केंद्रित प्रशासनिक सेवाओं का प्रावधान शामिल है।इसी प्रक्रिया के तहत शनिवार को भोपाल से आए लीड ऑडिटर विजय घोष ने पथरिया एसडीएम व तहसील कार्यालय का करीब चार घंटे तक ऑडिट किया। इस दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड संधारण, प्रशासनिक प्रक्रियाओं, नागरिक सेवाओं और विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण व मूल्यांकन किया गया। प्रमाण-पत्र मिलने से कार्यालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को निर्धारित गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के अनुरूप संचालित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। प्रमाण-पत्र के दायरे में शामिल विभिन्न सेवाओं के माध्यम से नागरिकों को अधिक व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
