नयी दिल्ली, 19 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन और गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा कई अन्य नेताओं ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में जीत हासिल करने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रत्याशियों को बधाई देते हुए कहा कि डूसू चुनाव के नतीजे देश की युवा शक्ति को राष्ट्रविरोधी एजेंडे की प्रयोगशाला बनाने की चाह रखने वाली ताकतों के लिए एक संदेश है।
श्री नवीन ने अभाविप के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के अपने सभी युवा साथियों को डूसू चुनाव में अभाविप की ऐतिहासिक जीत पर बधाई! यह जीत सकारात्मक और रचनात्मक छात्र राजनीति में युवाओं के निरंतर विश्वास को दर्शाती है, जो ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना में निहित है। साथ ही, यह ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण में योगदान देने के उनके मजबूत संकल्प को भी दर्शाती है।
उन्होंने कहा, ” विजयी उम्मीदवारों और इस जीत को संभव बनाने के लिए अथक प्रयास करने वाले सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं। ”
श्री शाह ने अभाविप के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि अभाविप की शानदार जीत पर परिषद के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। उन्होंने कहा, ” यह जीत युवाओं के परिषद की ‘राष्ट्र प्रथम’ विचारधारा और छात्र कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता में अटूट विश्वास को दर्शाती है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस जीत से नयी ऊर्जा प्राप्त कर परिषद के कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का अनुसरण करते हुए छात्र हितों और राष्ट्र निर्माण के कार्य को निरंतर आगे बढ़ाएंगे। ”
उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय केवल एक विश्वविद्यालय नहीं है। देश के हर कोने से विद्यार्थी यहां पढ़ने आते हैं। यहां मिला जनादेश पूरे भारत के युवाओं की भावनाओं का प्रतिबिंब है। आज अभाविप की शानदार जीत उन राष्ट्रविरोधी ताकतों के लिए स्पष्ट संदेश है, जो युवा शक्ति को अपने राष्ट्रविरोधी एजेंडे की प्रयोगशाला बनाना चाहती हैं। देश के युवा आज ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े हैं और यही इस जनादेश का सबसे बड़ा संदेश है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि डूसू चुनाव में अभाविप की ऐतिहासिक और शानदार जीत पर परिषद के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। अध्यक्ष पद पर यश डबास, सचिव पद पर रिया छाबड़ा और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह को इस गौरवपूर्ण जीत के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।
उन्होंने कहा, ” मुझे पूरा विश्वास है कि परिषद के ये युवा साथी ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। नवनिर्वाचित टीम छात्र कल्याण और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में नये मानदंड स्थापित करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करती रहेगी और देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए समर्पित रहेगी। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं।”
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ” डूसू चुनाव 2026 में अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पदों पर शानदार जीत दर्ज करने पर अभाविप के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत देश के युवाओं के ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा में अटूट विश्वास और उसके प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मुझे विश्वास है कि परिषद के कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरणा लेकर युवाओं में देशभक्ति, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को निरंतर जागृत करते रहेंगे।”
श्री मल्होत्रा ने कहा, ” मैं डूसू चुनाव में अभाविप के विजयी तीनों उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। यह जीत राष्ट्रवादी विचारधारा और 2047 तक ‘विकसित भारत’ के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण की जीत है। आज देश और दिल्ली के युवाओं ने ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ की नकारात्मक राजनीति को खारिज कर दिया है। उन्होंने इसी तरह की राजनीति को छात्रावासों तक ले जाने का प्रयास किया था। इसके परिणामस्वरूप एनएसयूआई एक भी सीट हासिल नहीं कर सकी।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली के छात्रों ने साबित कर दिया है कि वे राष्ट्रवाद और श्री मोदी की ऐसी नीतियों के साथ हैं, जिनका उद्देश्य युवा और विकसित भारत का निर्माण करना है।
राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक सिद्धार्थ यादव ने डूसू चुनाव के नतीजों को लेकर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जनादेश कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दुष्प्रचार की राजनीति को खारिज करने का जनादेश है। डूसू का चुनाव श्री गांधी के लिए भी परीक्षा की तरह था, जिसमें वह
बुरी तरीके से विफल हुए हैं। आज का दिन श्री गांधी के लिए वास्तविकता की जांच की तरह है। दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने साबित कर दिया है कि इस देश में दुष्प्रचार, झूठ, असत्य और नकारात्मकता की राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है।
दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और कई अन्य नेताओं ने भी अभाविप के विजयी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दी हैं।
