नंदीग्राम में उम्मीदवार की गिरफ्तारी प्रतिशोध की राजनीतिक, हुई लोकतंत्र की हत्या : खरगे-राहुल

नयी दिल्ली, (वार्ता) कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध और लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए कहा है कि भाजपा निष्पक्ष चुनाव में भरोसा नहीं करती और चुनावी मुकाबला खत्म करने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पार्टी उम्मीदवार को सुश्री ममता बनर्जी द्वारा समर्थन देने के कुछ ही मिनट बाद एक 19 साल पुराने मामले में गिरफ्तार किया जाना महज संयोग नहीं, राजनीतिक प्रतिशोध है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है और भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा कभी वोट चोरी, कभी सरकार चोरी और कभी पार्टी चोरी के जरिये सत्ता बचाना चाहती है। वह चुनाव नहीं लड़ना चाहती, बल्कि चुनावी मुकाबला ही खत्म कर देना चाहती है। कांग्रेस न डरेगी, न झुकेगी तथा वह लड़ेगी भी और जीतेगी भी।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र वेंटिलेटर पर है और यह भाजपा की ‘विपक्ष-मुक्त भारत’ बनाने की ताजा कोशिश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दमनकारी ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ाई लड़ी और उसे देश से बाहर किया, इसलिए इस तरह की डराने-धमकाने की रणनीति से कांग्रेस डरने वाली नहीं है।

 

Next Post

बंगलादेश के कानून मंत्री का दावा, जमात ने माना कि आज़ादी की लड़ाई में उसकी भूमिका गलत थी

Sat Sep 19 , 2026
ढाका, (वार्ता) बंगलादेश के कानून मंत्री एमडी असदुज्जमां ने दावा किया है कि जमात-ए-इस्लामी ने अप्रत्यक्ष रूप से यह मान लिया है कि 1971 की आज़ादी की लड़ाई के दौरान उसकी भूमिका और स्थिति गलत थी। मंत्री ने कहा कि जमात ने आज़ादी की लड़ाई के दौरान पाकिस्तानी सेना का […]

You May Like