25 महिलाओं की गाढ़ी कमाई निगल गया संगम मैनेजर

जबलपुर । भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड बरेला शाखा के एक फील्ड ऑफिसर ने लोन चुकता करने और नया लोन दिलाने का झांसा देकर 25 ग्रामीण महिलाओं से 4,25,421 की नगद वसूली की। आरोपी इस पूरी रकम को बैंक में जमा करने के बजाय डकार गया और दफ्तर से फरार हो गया। बरेला पुलिस ने शाखा प्रबंधक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, पनागर निवासी मुकेश कुमार पटेल (41) बरेला में मन्कुआरी स्कूल के पीछे स्थित भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड में ब्रांच मैनेजर हैं। उनकी शाखा के तहत ग्रामीण महिलाओं के समूह बनाकर लोन दिए जाते हैं। सुरई शहपुरा निवासी सुन्दरम चढ़ार (25) इस शाखा में संगम मैनेजर के पद पर तैनात था, जिसका काम महिलाओं से किस्तों का कलेक्शन करना था। आरोपी सुन्दरम ने महिलाओं का विश्वास जीतने के लिए उन्हें झांसा दिया कि यदि वे समय से पहले (प्री-पेमेंट) अपनी किस्तें जमा कर देंगी, तो उनका पिछला लोन बंद होकर तुरंत ज्यादा राशि का नया लोन पास हो जाएगा। भोली-भाली महिलाएं उसके बुने जाल में फंस गईं और अपनी गाढ़ी कमाई सौंप दी। आरोपी ने महिलाओं से किस्तों के नाम पर नगद वसूली शुरू की थी। जब बैंक का सालाना क्लोजिंग ऑडिट हुआ, तब पता चला कि महिलाओं के खातों में किस्तें जमा ही नहीं हुई हैं और वे डिफॉल्टर शो हो रही हैं। इधर पोल खुलते ही आरोपी सुन्दरम दफ्तर और घर से गायब हो गया।

इन महिलाओं से ठगी

आरोपी सुंदरम ने जिन 25 महिलाओं को अपना शिकार बनाया, उनमें अजूलता, निशा कुशवाहा, लक्ष्मी पटेल, साधना पटेल, संगीता बाई, सोनम गोटिया, अंजू यादव , किरन बर्मन, पूजा बर्मन, सध्यां मेहरा, निधि सेन, गुड्डो बाई बेन, रेखा, अर्मता यादव, मुन्नी बाई पटेल, सीमा यादव , फूलबाई झारिया, साविता कोल, पूनम, रजनी पटेल, ममता पटेल, प्रियंका कुर्मी, उर्वशी पटेल, सिया पटेल, सीमा यादव शामिल है।

Next Post

एपीके फाइल भेज मोबाइल किया हैक, खाते से उड़ाई रकम

Thu Sep 17 , 2026
जबलपुर। साइबर ठग ने कपड़ा व्यापारी के व्हाटसएप पर एपीके फाईल भेजकर मोबाइल हैक कर 39 हजार 346 रूपये उड़ा लिए। गोराबाजार पुलिस करने वाले अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गुरूवार को राजेश कुमार बेहरानी 39 वर्ष निवासी स्वामी अय्यपा स्कूल केपास बिलहरी […]

You May Like