सुरों के युवा साधक राजयोग धुरी ने बांधा संगीत का समां

इंदौर:श्री गणेश मंडल, जेलरोड के 93 वें गणेशोत्सव के अंतर्गत सोमवार शाम युवा गायक राजयोग धुरी, मुंबई के गायन कार्यक्रम ने संगीत प्रेमियों को सुर, ताल और भावों से सराबोर कर दिया. अपनी सुमधुर आवाज, शास्त्रीय संगीत की मजबूत पकड़ और भावपूर्ण गायकी से राजयोग धुरी ने एक के बाद एक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी.कार्यक्रम की शुरुआत से ही राजयोग धुरी ने अपनी गायकी का प्रभाव स्थापित कर दिया.

‘हृदयाच्या तलावर’, ‘राम रंगी रंगले’, ‘अबीर गुलाल’ और ‘सुखाचे जे सुख’ जैसी रचनाओं में उनकी आवाज की मिठास और भावाभिव्यक्ति विशेष रूप से उभरकर सामने आई. ‘वृंदावनी वेणू’ और ‘हे सुरांनो’ में सुरों की नजाकत तथा लय पर उनकी मजबूत पकड़ का अनुभव हुआ. वहीं ‘घेई छंद’ को दो अलग-अलग चालीं में प्रस्तुत कर उन्होंने अपनी संगीत समझ और प्रयोगशीलता का परिचय दिया. राजयोग धुरी की गायकी की खासियत यह रही कि उन्होंने शास्त्रीय संगीत की बुनियाद को बनाए रखते हुए अभंग और नाट्य संगीत की भावभूमि को भी प्रभावी ढंग से सामने रखा.

‘सूरत पिया की’ जैसी शास्त्रीय रचना में उनकी सुर साधना और आलाप की पकड़ दिखाई दी. ‘कानडा राजा पंढरीचा’ अथवा ‘माझे माहेर’ जैसी रचनाओं ने कार्यक्रम में भक्ति और मराठी संगीत परंपरा का रंग और गहरा किया. अंत में ‘मन तृप्त झाले’ को भैरवी में प्रस्तुत कर उन्होंने कार्यक्रम का भावपूर्ण समापन किया. इस प्रस्तुति के बाद श्रोताओं ने तालियों से कलाकार का उत्साह बढ़ाया. उनके साथ तबले पर यशवंत वैष्णव, संवादिनी पर प्रवीण बांदकर, पखवाज पर सुखद मुंडे, बांसुरी पर सम्यक पाराशरी तथा तालवाद्य पर सूर्यकांत सर्वे ने प्रभावी संगत की.

कलाकारों की परस्पर तालमेल भरी संगत ने प्रस्तुतियों को और प्रभावशाली बनाया.श्री गणेश मंडल की वर्षों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा में संगीत कार्यक्रमों का विशेष स्थान रहा है. मंडल के अध्यक्ष विनय पिंगळे और सचिव किरण मांजरेकर के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम भी उसी सांस्कृतिक परंपरा की निरंतरता साबित हुआ. राजयोग धुरी की प्रस्तुति में शास्त्रीय संगीत की अनुशासनबद्ध साधना, अभंग की भक्ति और नाट्यसंगीत की भावपूर्णता का सुंदर संगम देखने को मिला.

Next Post

एआई से मानवता खत्म होने की बातें अफवाह-ट्रंप

Tue Sep 15 , 2026
वॉशिंगटन, 15 सितंबर (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से मानवता खत्म होने की बातों को अफवाह बताया है। उन्होंने उन दावों को झूठा करार दिया है जिनमें कहा गया है कि एआई दुनिया पर कब्ज़ा कर लेगा और मानवता को खत्म कर देगा। श्री ट्रंप ने […]

You May Like