
स्टॉकहोम, 14 सितंबर (वार्ता) स्वीडन के आम चुनाव में जारी मतगणना के बीच मुकाबला बेहद कड़ा बना हुआ है। स्वीडन चुनाव प्राधिकरण से मिले शुरुआती रुझानों के अनुसार, 349 सीटों वाली संसद (रिस्कडैग) में पूर्व प्रधानमंत्री एवं विपक्ष की नेता मैग्डालेना एंडरसन के नेतृत्व वाले मध्य-वामपंथी (सेंटर-लेफ्ट) विपक्ष को 175-176 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं मौजूदा प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन के नेतृत्व वाले सत्ताधारी चार-दलीय दक्षिणपंथी गठबंधन को 173 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है।
सुश्री एंडरसन ने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि ये नतीजे कायम रहते हैं तो देश को नयी सरकार मिलेगी।
श्री क्रिस्टरसन ने कहा कि अंतिम नतीजे आने के बाद ही सरकार बनाने की नयी संभावनाओं पर विचार किया जायेगा। चुनाव प्रचार के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा, गिरोहों से जुड़े अपराधों, कल्याणकारी खर्च और आव्रजन सबसे प्रमुख मुद्दे रहे। स्वीडन में डाक से भेजे गये देरी से मिले मतों और विदेशों में रहने वाले नागरिकों के वोटों की गिनती के बाद ही अंतिम नतीजे सामने आते हैं। इसलिए सप्ताहांत तक ही यह स्पष्ट हो पायेगा कि कौन-सा गठबंधन सरकार बनायेगा।
