
भोपाल। राजधानी भोपाल में 15 सितंबर 2026 को प्रस्तावित एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम को लेकर विवाद शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने की मांग को लेकर पुलिस और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
कमेटी का कहना है कि भोपाल की गंगा-जमुनी तहजीब और शहर की शांति को बनाए रखने के लिए ओवैसी के कार्यक्रम की अनुमति वापस ली जानी चाहिए। कमेटी ने आशंका जताई है कि कार्यक्रम में दिए जाने वाले बयानों से धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और शहर का माहौल खराब हो सकता है।
कमेटी के मुताबिक, ओवैसी के कार्यक्रम के लिए सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में अनुमति दी गई है। कमेटी का कहना है कि इस परिसर में गणेशोत्सव के दौरान कई धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भी होते हैं। ऐसे में यहां ऐसा कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, जिससे किसी तरह का विवाद पैदा हो।
टी. राजा सिंह के कार्यक्रम का दिया हवाला
मुस्लिम त्योहार कमेटी ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विधायक टी. राजा सिंह के कार्यक्रम का भी हवाला दिया। कमेटी का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के चलते टी. राजा सिंह के कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी गई थी। ऐसे में इसी आधार पर ओवैसी के कार्यक्रम की अनुमति भी रद्द की जानी चाहिए।
अब 15 सितंबर को होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन क्या फैसला लेता है, इस पर सभी की नजर है।
