20 हजार में सेविंग, डेढ़ लाख में करंट अकाउंट, 3 गिरफ्तार

इंदौर. साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह पर विजयनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में पता चला कि सेविंग अकाउंट 15 से 20 हजार रुपए और करंट अकाउंट 1 से 1.50 लाख रुपए तक में बेचे जाते थे. इन खातों में लाखों रुपए के संदिग्ध लेन-देन किए गए हैं.

पकड़े गए आरोपियों में दिलीप पिता राजाराम कुशवाह (47 वर्ष), निवासी सुखलिया, विश्वराज सिंह झाला (26 वर्ष), निवासी बिजलपुर और इंदौर वंशराज मोदी पिता संतोष मोदी (20 वर्ष), निवासी कनाड़िया शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से 7 एटीएम/डेबिट कार्ड, 6 सिम, बैंक पासबुक, चेकबुक और मोबाइल फोन जब्त किए हैं. जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी करने वाले बदमाशों को दूसरे लोगों के नाम से संचालित बैंक खाते उपलब्ध कराते थे. इन खातों के साथ लिंक सिम और एटीएम/डेबिट कार्ड भी दिए जाते थे. पूछताछ में आरोपियों ने अपने बैंक खाते भी दूसरे लोगों को उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है. मोबाइल की जांच में खाते खरीदने-बेचने से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले हैं.

आरोपी 5 दिन के पुलिस रिमांड पर, की जा रही पूछताछ

मामले में विजयनगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है. अब पुलिस उन लोगों की जानकारी जुटा रही है, जिन्होंने खाते उपलब्ध कराए या खरीदे थे. साथ ही संबंधित खातों और उनमें हुए लेन-देन की भी जांच की जा रही है. उक्त कार्रवाई ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के तहत की गई है. मामले में एडीसीपी जोन 2 अमरेंद्र सिंह ने नव भारत को बताया कि जांच का दायरा बढ़ाया है. गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. साइबर ठगी में इस्तेमाल हुए खातों तक पहुंचने वाली कड़ियों की भी जांच होगी.

Next Post

नारायणपुर में अबूझमाड़िया समाज ने बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद की

Sun Sep 13 , 2026
नारायणपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अबूझमाड़िया समाज जिला नारायणपुर ने राहत सामग्री वितरित की। समाज के सदस्यों ने शनिवार को विकासखंड ओरछा के ब्रेहबेड़ा पहुंचकर कदेर, ब्रेहबेड़ा, इमलीपदर (ताहकाडोंड) और ढोण्डरी गांव के बाढ़ प्रभावित परिवारों […]

You May Like