ब्रिज ने रोका 22 फीट के बप्पा का रास्ता, युवाओं ने बदला रूट और 6 शहर पार कर नीमच लाए विशाल प्रतिमा

नीमच। गणपति बप्पा के स्वागत को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। जगह-जगह गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारियां चल रही हैं। इसी बीच दशहरा मैदान स्थित गणपति ग्रुप ने इस बार कुछ अलग करने का संकल्प लिया है। ग्रुप ने शहर की सबसे बड़ी गणपति प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया और इसी संकल्प को पूरा करने के लिए छह युवा बड़ौदा पहुंचे। वहां से करीब 22 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा को नीमच लाने का सफर शुरू हुआ, लेकिन रास्ते में एक ब्रिज ने ऐसा मोड़ ला दिया कि युवाओं को अपना पूरा रूट ही बदलना पड़ा।

ब्रिज आया सामने तो बदलना पड़ा पूरा रूट

बड़ौदा से विशाल प्रतिमा को लेकर यात्रा शुरू हुई। युवाओं ने जिस मार्ग से नीमच आने की योजना बनाई थी, उसी दौरान रास्ते में एक ब्रिज सामने आ गया। ब्रिज की ऊंचाई कम होने के कारण 22 फीट ऊंची प्रतिमा को वहां से निकालना संभव नहीं था। ऐसे में प्रतिमा को वापस लौटाने के बजाय युवाओं ने तत्काल वैकल्पिक मार्ग तलाशने का निर्णय लिया।

पहले बड़ौदा से झाबुआ होते हुए नीमच पहुंचने की योजना थी, लेकिन ब्रिज के कारण यह रास्ता बदलना पड़ा। इसके बाद नया रूट तय किया गया। प्रतिमा को अहमदाबाद, उदयपुर, चित्तौडग़ढ़ और निम्बाहेड़ा होते हुए जावद फंटे के रास्ते नीमच लाया गया।

कई शहरों का सफर तय कर सकुशल पहुंचे बप्पा

रूट बदलने के बाद सफर लंबा हो गया, लेकिन युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। विशाल प्रतिमा को विशेष सावधानी के साथ कई शहरों से होते हुए नीमच लाया गया। लंबे सफर, अतिरिक्त दूरी और रास्ते की चुनौतियों को पार करते हुए आखिरकार 22 फीट ऊंचे गणपति बप्पा का विग्रह सकुशल दशहरा मैदान स्थित गणपति ग्रुप के पंडाल तक पहुंच गया।

प्रतिमा के पंडाल में पहुंचते ही ग्रुप के सदस्यों में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई। विशाल गणपति प्रतिमा को देखने के लिए क्षेत्र के लोगों में भी उत्सुकता बनी हुई है। पंडाल में बप्पा की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहने वाली है।

छह युवाओं ने निभाई अहम भूमिका

22 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा को नीमच लाने के इस पूरे प्रयास में दशरथ खारोल, हिमांशु प्रेमी, अंकित चौरसिया, ऋषिकांत व्यास, उमेश पंडित और राकेश पाटीदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। युवाओं ने रास्ते की चुनौती आने के बाद भी हिम्मत नहीं छोड़ी और वैकल्पिक मार्ग से प्रतिमा को नीमच लाने का निर्णय लेकर अपने संकल्प को पूरा किया।

गणपति ग्रुप दशहरा मैदान की इस पहल की शहर में चर्चा हो रही है। ग्रुप का कहना है कि गणपति उत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शहरवासियों को एक साथ जोडऩे और श्रद्धा के साथ उत्सव मनाने का अवसर भी है।

शहर की सबसे बड़ी प्रतिमा देखने उमड़ेगा जनसैलाब

गणपति ग्रुप की ओर से इस बार स्थापित की जा रही 22 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। ग्रुप की ओर से धर्मप्रेमी जनता से दशहरा मैदान स्थित पंडाल में पहुंचकर भव्य 22 फीट ऊंचे गणपति बप्पा के दर्शन करने और आयोजन में सहभागी बनने की अपील की गई है।

22 फीट ऊंची प्रतिमा को नीमच तक पहुंचाने के दौरान सामने आई राह की मुश्किल और उसके बाद युवाओं द्वारा बदले गए लंबे रूट ने इस गणपति उत्सव को शुरू होने से पहले ही खास बना दिया है।

Next Post

छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक सम्पन्न,संगठन विस्तार को लेकर हुई चर्चा

Sat Sep 12 , 2026
पानसेमल। कृषि उपज मंडी परिसर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक जिलाध्यक्ष नानेश चौधरी एवं अन्य पदाधिकारियो की मौजूदगी में सम्पन्न हुई।जिला सचिव नासिर खान ने उपस्थित जनों को संगठन मजबूत करने हेतु कार्यकर्ताओं को जोड़ने का आव्हान करते हुए अन्य विषयो पर अपनी बात रखी। उपस्थित पदाधिकारियों ने कांग्रेस […]

You May Like