जिम्मेदारी तय होगी, रिपोर्ट मुख्यमंत्री को दी जाएगी: विश्नोई 

जबलपुर। जन विश्वास अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं, डॉक्टरों की उपलब्धता, आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन, पटवारियों से संबंधित कार्य, स्कूलों की स्थिति सहित विभिन्न विभागों की जमीनी व्यवस्थाओं की जानकारी ली जा रही है। सरकार यह जानना चाहती है कि कौन-सा काम हो रहा है, कौन-सा लंबित है और लोगों को किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यह बातें विधायक अजय विश्नोई ने कहीं। स्कूलों की व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्कूलों को बेहतर बनाना जरूरी है, ताकि आसपास के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। स्कूल भवनों में जहां मरम्मत या अन्य कार्यों की जरूरत है, उन्हें अभियान के दौरान चिन्हित कर प्राथमिकता से कराया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शासन की योजनाओं और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए अच्छी पहल की है। अधिकारियों के दल गठित कर करीब 30-40 बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। लोगों की शिकायतों को पोर्टल पर दर्ज कर उनके निराकरण की मॉनिटरिंग की जाएगी।

विधायक विश्नोई ने कहा कि जन विश्वास अभियान के तहत गांवों में पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद किया जा रहा है। क्षेत्र में सामने आने वाली समस्याओं और शिकायतों को पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। संबंधित क्षेत्र के विधायक को भी शिकायत भेजी जाएगी और उसके निराकरण की जिम्मेदारी तय होगी। समाधान के बाद इसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को दी जाएगी।

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जनसंवाद में जन विश्वास, जनसंवाद, उद्यम संवाद और यशस्वी संवाद के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में लोग स्वरोजगार के क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रहे हैं। इनमें पशुपालन, सीएनसी कार्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यवसाय स्थापित करने वाले लोग शामिल हैं। ऐसे लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा और उनके अनुभव अन्य लोगों के साथ साझा किए। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि लोग आपसी सुलाह व मध्यस्था को प्राथमिकता दें। इसके साथ ही उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत नुनसर ग्राम पंचायत कार्यालय के निरीक्षण के साथ ही वहां जन संवाद भी किया गया।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नुनसर का निरीक्षण

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत विधायक अजय विश्नोई, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय एवं अन्य अधिकारियों ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नुनसर का निरीक्षण किया।

इस दौरान विधायक अजय विश्नोई ने स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस एवं जननी वाहन की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस और जननी वाहन को यहां पहुंचने में समय लगता है। स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

नुनसर पुलिस चौकी पहुंचे अधिकारी

विधायक अजय विश्नोई, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिसअधीक्षक संपत उपाध्याय एवं अन्य अधिकारियों ने नुनसर पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने जानकारी दी कि चौकी के नए भवन का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। विधायक श्री अजय विश्नोई ने चौकी भवन में हो रहे जल रिसाव की समस्या को देखते हुए भवन के ऊपर टीन शेड लगाने के निर्देश दिए।

पीएम श्री मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नुनसर भी गए

निरीक्षण के क्रम में शासकीय पीएम श्री मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नुनसर, विकासखंड पाटन का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने अधिकारियों को बताया कि विद्यालय भवन कुछ जर्जर स्थिति में है। अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। प्राचार्य एवं शिक्षकों ने बच्चों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए मेन रोड में स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। जिस पर उचित कार्यवाही के निर्देश भी दिये गये।

Next Post

सड़क किनारे ट्राला फंसा, लगा लंबा जाम, बुलानी पड़ गई क्रेन

Sat Sep 12 , 2026
जबलपुर। जबलपुर-कटंगी मार्ग पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बेलखाडू के पास नगना तिराहे पर एक भारी-भरकम ट्राला अचानक अनियंत्रित हो गया और सडक़ किनारे फंस गया। ट्राला के फंसते ही व्यस्त रहने वाले इस मार्ग के दोनों ओर वाहनों के पहिए थम गए और देखते ही […]

You May Like