
सिंगरौली । यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर आज शुक्रवार को जिलेभर के सभी बैंकों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। बैंक शाखाओं पर ताले लटके रहने से सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं।
जिले में करीब 200 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित होने का अनुमान है। बैंक बंद होने से खाताधारकों को भी परेशानी उठानी पड़ी। दूर-दराज से बैंक पहुंचे ग्राहक काम नहीं होने पर निराश होकर लौट गए। एक दिवसीय हड़ताल के दौरान विभिन्न बैंक कर्मचारी यूनियनों से जुड़े कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शहर में रैली निकालकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और लंबित मांगों को तत्काल पूरा करने की आवाज बुलंद की। बैंक कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों को लेकर आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन ठोस पहल नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है। यूनियन पदाधिकारियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि बैंक कर्मचारियों की मांगों पर जल्द निर्णय लिया जाए। यदि मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो 28, 29 और 30 सितम्बर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी सरकार ने मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई तो 26 अक्टूबर से देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है। हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ा।
