होटल में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

इंदौर. तिलक नगर थाना क्षेत्र स्थित एलएक्स होटल में गुरुवार दोपहर एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला होटल में एक युवक के साथ पहुंची थी. कुछ देर बाद युवक ने होटल कर्मचारियों को उसकी तबीयत खराब होने की जानकारी दी और अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद युवक वहां से चला गया. पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है.

मृतका की पहचान सुंदर नगर में रहने वाली 32 वर्षीय सोनाली शर्मा के रूप में हुई है. वह पिंक सिटी पार्लर में ब्यूटीशियन का काम करती थी. गुरुवार को वह परिवार से पार्लर जाने की बात कहकर घर से निकली थी. इसके बाद वह पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल के साथ एलएक्स होटल पहुंची, दोनों ने कमरा लिया था. कुछ घंटे बाद दीपक कमरे से बाहर आया और होटल कर्मचारियों को बताया कि उसकी दोस्त की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाना है. होटल कर्मचारियों की मदद से सोनाली को अक्षत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद दीपक वहां से निकल गया.

होटल के कमरे में सोनाली बिस्तर पर मिली थी. उसके मुंह से झाग निकल रहा था. इससे शुरुआती तौर पर जहर खाने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा है.

पति से अलग रह रही थी, दो बेटियां… 

सोनाली के पिता ने पुलिस को बताया कि वह करीब एक साल से पति से अलग रह रही थी. पति ड्राइवरी का काम करता है और मूल रूप से ब्यावरा का रहने वाला है. सोनाली की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 8 और 14 वर्ष है. पिता ने पुलिस को बताया कि दीपक की सोनाली से मुलाकात पिंक सिटी पार्लर में हुई थी. वह पहले भी सोनाली के घर दो बार आ चुका था. पुलिस होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर सोनाली और दीपक के होटल पहुंचने से लेकर अस्पताल ले जाने तक की पूरी गतिविधि की जानकारी जुटा रही है. दीपक से पूछताछ के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट होने की संभावना है.

फिलहाल कुछ कहना जल्दबाजी : टीआई

थाना प्रभारी मनीष लोधा ने नव भारत को बताया कि फिलहाल मामले में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Next Post

आईडीए ने कांग्रेस से मैदान का किराया मांगा साढे 10 लाख

Thu Sep 10 , 2026
इंदौर। राहुल गांधी का इंदौर में 19 सितंबर को छात्रों की गूंज कार्यक्रम है, लेकिन कार्यक्रम स्थल आज तक तय नहीं हुआ है। शहर कांग्रेस द्वारा प्रशासन से कई स्थलों की मांग की गई है, किंतु प्रशासन ने अभी तक एक भी स्थान पर सहमति और अनुमति नहीं दी है। […]

You May Like