
सिंगरौली । एनसीएल में भर्ती हुए 2019, 2021 और 2022 बैच के एचईएमएम ऑपरेटर एवं तकनीकी कर्मचारियों की वार्षिक वेतन वृद्धि और वेतन विसंगति का मुद्दा अब आंदोलन की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।
आरसीएसएस इंटक के प्रदेश अध्यक्ष लाल पुष्पराज सिंह ने आज बुधवार को एनसीएल प्रबंधन को स्ट्राइक नोटिस देकर कर्मचारियों को लंबित वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ देने, वेतन विसंगति दूर करने तथा एरियर का भुगतान करने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि उक्त बैच के कर्मचारियों को प्रशिक्षण अवधि में निर्धारित वेतनमान दिया गया और दो वर्षों तक वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ मिला, लेकिन तीसरे वर्ष में कई कर्मचारियों को वृद्धि से वंचित कर दिया गया। खासतौर पर माह की 16 से 31 तारीख के बीच कार्यभार ग्रहण करने वाले कर्मचारियों को लेकर वेतन निर्धारण में विसंगति सामने आई है। संगठन ने कहा कि अमलोरी परियोजना के केवल चार कर्मचारियों को तीसरे वर्ष की वेतन वृद्धि का लाभ मिलाए जबकि समान बैच के अन्य परियोजनाओं के कर्मचारी इससे वंचित हैं। इससे कनिष्ठ कर्मचारियों का बेसिक वेतन वरिष्ठ कर्मचारियों से अधिक होने की स्थिति बन गई है।
वेतन विसंगति दूर करने की मांग
आरसीएसएस इंटक ने एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों के लिए नियमों के अनुसार वेतन वृद्धि लागू करने, वेतन विसंगति दूर करने और बकाया एरियर का भुगतान करने की मांग की है। संगठन के मुताबिक इस मामले में पूर्व में भी पत्राचार और आंदोलन किए जा चुके हैं तथा 10 सितम्बर तक सार्थक कार्रवाई का आश्वासन प्रबंधन की ओर से दिया गया था। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि 14 दिन के भीतर मांगों का समाधान नहीं हुआ तो औद्योगिक संहिता के प्रावधानों के तहत आंदोलनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसमें जनजागरण, गेट मीटिंग, नारेबाजी और आवश्यकता पड़ने पर काम बंद हड़ताल शामिल है।
