
इंदौर. सेज यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल की मेस में भोजन में बार-बार कीड़े मिलने की शिकायत को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रदर्शन किया. देवेश गुर्जर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में शामिल होकर मेस व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग उठाई.
छात्राओं का आरोप था कि पहले भी भोजन में कीड़े मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है. प्रदर्शन के दौरान हॉस्टल का मेडिकल रूम लंबे समय से बंद होने का मुद्दा भी उठाया गया. एबीवीपी ने इसे तत्काल शुरू कर नियमित डॉक्टर की व्यवस्था करने की मांग की. करीब चार घंटे चले प्रदर्शन के बाद सेज विश्वविद्यालय प्रशासन मौके पर पहुंचे और छात्राओं व विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधियों से चर्चा की. अधिकारी ने मेस के वर्तमान ठेकेदार का टेंडर बदलने की प्रक्रिया शुरू करने और मेडिकल रूम खुलवाकर डॉक्टर की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया.
वहीं, सेज यूनिवर्सिटी की डायरेक्टर मीडिया जमुना मिश्रा ने कहा कि मेस संचालक ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस तरह की शिकायत दोबारा नहीं आनी चाहिए. भविष्य में शिकायत मिलने पर कॉलेज प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा. उन्होंने कहा कि मेस में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और स्टाफ भोजन करते हैं, इसलिए भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और प्रशासन इसकी जांच करेगा.
स्वास्थ्य और सुविधाओं से समझौता बर्दाश्त नहीं
एबीवीपी के महानगर मंत्री देवेश गुर्जर ने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य और सुविधाओं से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन को जल्द अमल में लाया जाना चाहिए.
