
सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना अंतर्गत कसर क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 9 बजे रेलवे ट्रैक पार करते समय तीन लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। घायल को डायल-112 की मदद से उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वैढ़न भेजा गया है। वहीं कोतवाली बैगन के समिति बिलौंजी तेलियां में एक बाइक सवार युवा के के भी अज्ञात वाहन के टक्कर से उपचार के दौरान बैढ़न जिला चिकित्सालय में मौत हो गई
जानकारी के अनुसार जगनारायण साहू पिता रामविचारे साहू उम्र 45 वर्ष निवासी रैला थाना माड़ा, जगदीश गुर्जर पिता उदयभान गुर्जर उम्र 60 वर्ष निवासी झकरकटिया व बन्धुलाल गुर्जर पिता जगदीश गुर्जर उम्र 31 वर्ष निवासी झकरकटिया अपनी बेटी को भवडार छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय विपरीत दिशा से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसे में जगनारायण साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल जगदीश गुर्जर ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में बन्धुलाल गुर्जर घायल हुए हैं, जिनका उपचार ट्रामा सेंटर वैढ़न में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। बरगवां पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
