
सीधी । जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी) समिति की बैठक में सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बुधवार को की। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, समय-सीमा और जमीनी प्रभाव पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में तेज गति से विकास कार्य हो रहे हैं और उसी गति एवं प्रतिबद्धता के साथ सीधी जिले में भी कार्य किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई या बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को प्रदेश में अग्रणी बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ें। अधिकारियों को परिणाममूलक कार्य संस्कृति अपनाने और जमीनी स्तर पर प्रभाव दिखाने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। सांसद ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पहुंचे, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सांसद ने सामाजिक न्याय विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों को वितरित किए जाने वाले सहायक उपकरणों का समुचित प्रबंधन किया जाए। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए सांसद ने पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं। विद्युत आपूर्ति में बाधा आने पर त्वरित सुधार हो तथा स्वास्थ्य केन्द्रों में दवाइयों, चिकित्सकों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक में वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। सांसद ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्यरत स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर विकास मिश्रा ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से कार्य करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित सभी योजनाओं एवं परियोजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में सीईओ जिपं शैलेन्द्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
००
30 जून तक सीधी रेल पहुंचने का लक्ष्य
सांसद डॉ.मिश्रा ने जिले में प्रगति पर चल रही रेलवे परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि 30 जून तक सीधी तक रेल पहुंचाने का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। इसके लिए भू-अर्जन, मुआवजा वितरण, निर्माण कार्य एवं अन्य प्रक्रियाओं में तेजी लाई जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी बाधा को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
००
धौंहनी विधायक ने उठाए क्षेत्रीय मुद्दे
बैठक में विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम ने संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में निवासरत आदिवासी समुदाय के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वन विभाग से अपेक्षा की कि विभिन्न विकास कार्यों के लिए आवश्यक अनुमतियां शीघ्र जारी की जाएं, जिससे परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो।
०००००००००००००
