रिहायशी मकान में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडार, खाद्य विभाग ने मारा छापा

इंदौर: रिहायशी इलाके में एक मकान के भीतर बड़ी संख्या में भरे गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किए जाने की शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की.गोमटगिरी स्थित महावीर परिसर में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने 84 भरे गैस सिलेंडर जब्त किए। इनमें घरेलू, व्यावसायिक और छोटे आकार के सिलेंडर शामिल हैं। रिहायशी क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में गैस का भंडारण सामने आने से किसी बड़े हादसे की आशंका भी जताई गई है.

कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने शिकायत के आधार पर मकान नंबर-4, महावीर परिसर में प्रेमचंद जैन के यहां दबिश दी. जांच के दौरान मौके से इंडेन गैस के 14.2 किलोग्राम क्षमता वाले 12 घरेलू सिलेंडर, 19 किलोग्राम क्षमता वाले 65 व्यावसायिक सिलेंडर और 5 किलोग्राम क्षमता वाले 7 सिलेंडर मिले. खाद्य नियंत्रक एम.एल. मारू के अनुसार, पूछताछ में प्रेमचंद जैन ने बताया कि उनके भतीजे अभय जैन द्वारा ‘खजुरिया श्याम कैटरिंग’ के नाम से कैटरिंग का काम किया जाता है और होटल भी संचालित है.

प्रारंभिक जांच में सिलेंडर अवैध गैस एजेंसी से लिए जाने की जानकारी सामने आई है. विभाग द्वारा इस संबंध में आगे जांच की जा रही है. रिहायशी मकान में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील गैस का भंडारण पाए जाने पर प्रेमचंद जैन पिता नेमीचंद जैन और खजुरिया श्याम कैटरिंग के प्रोपराइटर अभय जैन के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. विभाग द्वारा वैधानिक कार्रवाई जारी है. कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस तरह गैस के अवैध भंडारण और बिक्री के मामलों में लगातार कार्रवाई की जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते रोका जा सके.

Next Post

राज्य स्तरीय सब जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ

Tue Sep 8 , 2026
सीहोर। आवासीय परिसर के मैदान और चर्च मैदान पर स्व.कैलाश नारायण सारंग की स्मृति में रविवार से खिलाडिय़ों को मंच देने के लिए राज्य स्तरीय अंडर-14 सब जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. इसकी शुरूआत आवासीय परिसर में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने की.रविवार को प्रतियोगिता में […]

You May Like