
जबेरा/दमोह। शासकीय सांदीपनि विद्यालय जबेरा के नवाचारी शिक्षक सुखनंदन साहू को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवाओं और नवाचारी शिक्षण कार्यों के लिए राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 में उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में सम्मानित किया गया। भोपाल में आयोजित सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।
राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त करने के बाद जबेरा लौटे शिक्षक सुखनंदन साहू का सोमवार शाम करीब 4 बजे नगर आगमन पर ग्रामवासियों, शिक्षकों, विद्यालय स्टाफ, परिवारजनों एवं मित्रों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। उनके सम्मान में गाजे-बाजे के साथ स्वागत जुलूस निकाला गया। इस दौरान लोगों ने पुष्पमाला पहनाकर, शाल व श्रीफल भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
सुखनंदन साहू के सम्मानित होकर लौटने पर क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामवासियों ने कहा कि एक शिक्षक का राज्य स्तर पर सम्मानित होना पूरे क्षेत्र और विद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है। उनके सम्मान से अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
नरसिंह देवालय में किए दर्शन
स्वागत कार्यक्रम के बाद नगर भ्रमण के दौरान सुखनंदन साहू जबेरा के प्रसिद्ध नरसिंह देवालय पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान नरसिंह के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधि, परिवारजन एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों और विद्यालय परिवार ने दी बधाई
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि रूपेश सेन, ग्राम सरपंच शिवलाल धुर्वे, भाजपा मंडल अध्यक्ष बंटी दुबे, बीईओ विनोद बाजपेई, डॉ. मनोज जैन, शासकीय सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य संजय सिंघई, उपप्राचार्य अजय सिंघई, महेश साहू, दिनेश साहू, रामकिशोर शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, परिवारजन, मित्रगण, शिक्षा जगत से जुड़े लोग एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
सभी ने सुखनंदन साहू को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान प्राप्त करने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
