
बटियागढ़/दमोह। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम आलमपुर में शुक्रवार दोपहर बाईपास रोड के पास युवक पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गुमान सिंह पिता खेत सिंह (लगभग 35 वर्ष) के हाथ का पंजा शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गुमान सिंह अपने कुछ साथियों के साथ बाईपास रोड के पास रोड़ से खडैरी से लोट रहा था। इसी दौरान अचानक उस पर हमला कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर रेफर किया गया।
घायल गुमान सिंह ने पुलिस को दिए बयान में गांव के ही अजुदी आदिवासी, सरपंच प्रतिनिधि सहित छह लोगों पर पीछे से आकर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर सरपंच प्रतिनिधि को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। घटना के वास्तविक कारण और हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
