थाने में सुंदरकांड, दिग्विजय ने उठाए सवाल

भोपाल, 19 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राजधानी भोपाल के एक पुलिस थाने में कथित तौर पर एक व्यक्ति विशेष के जन्मदिन पर सुंदरकांड होने पर सवाल उठाते हुए कहा है कि क्या ये संविधान के अनुरूप है और अगर इस प्रकार की गतिविधियों की अनुमति है तो कांग्रेस अपने सभी कार्यकर्ताओं के जन्मदिन थानों में ही मनाएगी।

वहीं भारतीय जनता पार्टी ने भी इस पर पलटवार करते हुए कहा कि श्री सिंह तुष्टिकरण की राजनीति में एक बार फिर हिंदुओं का अपमान कर रहे हैं।

श्री सिंह ने कल शाम संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि कल वे नर्सिंग घोटाले से जुड़े प्रदर्शन के दौरान भोपाल के एक थाने में गए। वहां सुंदरकांड का पाठ हो रहा था। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि वे भी इतने साल मुख्यमंत्री रहे हैं, नियम कानून जानते हैं, अधिकारी कर्मचारियों की एक आचार संहिता और सेवा शर्तें होती हैं। उनमें ये कहीं नहीं लिखा है कि किसी सरकारी कार्यालय में और वो भी थाने में सुंदरकांड हो।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उन्होंने थाने के वरिष्ठ अधिकारियों से इस बारे में पूछा तो पता चला कि कल किसी व्यक्ति विशेष का जन्मदिन था, उसे मनाने के लिए पुलिस की तरफ से सुंदरकांड आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस किसी नागरिक का जन्मदिन थाना परिसर में मनाना चाहती है तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भी जन्मदिन होता है, उसे भी अब से थाने में ही मनाया जाए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से बातचीत कर तय किया गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जन्मदिन अब थाने में ही मनेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष श्री पटवारी और नेता प्रतिपक्ष श्री सिंघार को इस बारे में पुलिस आयुक्त से बात करनी चाहिए।

इसी क्रम में उन्होंने आराेप लगाया कि सुंदरकांड आयोजन से एक पुराना जूता फेंका गया, जो पुलिस कांस्टेबल को लगा। उन्होंने कहा कि ये पूरी सरकार संविधान, सेवा शर्तों और नियम-कानूनों के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि सरकारी कर्मचारियों-अधिकारियों ने अगर संविधान का पालन नहीं किया तो कांग्रेस इन्हें नहीं बख्शेगी।

श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस इस बारे में पुलिस आयुक्त से सवाल करेगी, वे अगर इसे वैध बताएंगे तो कांग्रेस अपने सारे कार्यकर्ताओं का जन्मदिन इसी प्रकार थानों में मनाएगी।

वहीं भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने श्री सिंह के इस बयान पर हमला बोलते हुए कहा कि वोट बैंक की राजनीति के कारण देशविरोधी और सनातन विरोधी काम करने में माहिर ‘बंटाधार’ जी तुष्टिकरण की अपनी परंपरा को कायम रखते हुए हिंदुओं का पुन: अपमान कर गए।

उन्होंने एक्स पर की गई अपनी पोस्ट में कहा कि मुहर्रम पर कुछ स्थानों पर फलस्तीन के झंडे फहराने पर श्री सिंह को कोई आपत्ति नहीं हुई।

Next Post

कांग्रेस नेताओं ने थाना प्रभारी के खिलाफ पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

Fri Jul 19 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 19 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कथित तौर पर एक पुलिस थाने में सुंदरकांड के मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज भोपाल पुलिस आयुक्त हरिनारायण […]

You May Like

मनोरंजन