सोन नदी का जल स्तर बढ़ने पर सीधी में ऑरेंज अलर्ट

सीधी। सीधी में सोन नदी के जल स्तर बढऩे के कारण ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। शिकारगंज एवं कोलदहा चुरहट पुल क्षेत्र में खतरे के निशान के ऊपर सोन नदी बह रही है। सोन नदी का जल स्तर बढऩे का मुख्य कारण लगातार बारिश एवं बाणसागर बांध के आठ रेडियल गेटों से ज्यादा मात्रा में पानी छोंडऩा है। केंद्रीय जल आयोग के ऑरेंज बुलेटिंग के अनुसार आज 4 सितंबर की सुबह 6 बजे सीधी जिले में सोन नदी कोलदहा ब्रिज और शिकारगंज ब्रिज में खतरे के निशान के ऊपर पानी आ चुका है। कोलदहा ब्रिज में जल स्तर 238.30 मीटर था जो खतरे के स्तर 238.25 मीटर से 0.05 मीटर ऊपर जल स्तर स्थिर है। वहीं शिकारगंज सोन नदी पुल में जल स्तर 245.09 मीटर है जो खतरे के स्तर 243 मीटर से 2.09 मीटर ऊपर है। यहां जल स्तर में गिरावट का रुझान दर्ज किया गया है। सोन नदी के बढ़ते जल स्तर को लेकर सीधी जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को दोनों स्थानों पर सोन नदी की सतत निगरानी रखने तथा किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने जिले के सभी अमृत सरोवरों, बांधों, नदियों एवं चेक डैम की स्थिति की जांच करने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन सीधी द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि नदियों, नालों एवं जल भराव वाले क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं और नदी पार करने का जोखिम न लें। बच्चों को विशेष रूप से जल स्त्रोतों से दूर रखें। प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें। उधर सोन नदी के जल स्तर में लगातार हो रही वृद्धि के चलते आसपास के गांवों में पहले से ही सतर्कता बनी हुई है। यह अवश्य है कि लोग सोन नदी के जल स्तर में हो रही वृद्धि पर नजर अपने स्तर से भी रखे हुए हैं।

रामपुर नैकिन से अमिलिया तक अलर्ट –

सीधी जिले के रामपुर नैकिन से लेकर अमिलिया, सिहावल क्षेत्र के सोन नदी के निचले इलाकों में बसे गांवों के लिए बाणसागर बांध के गेटों को खोले जाने के पूर्व ही अलर्ट जारी किया गया था अलर्ट जारी किए गए गांवों में रामपुर नैकिन तहसील के शिकारगंज, चंदरेह, गुजरेड, घुंघुटा, झगरी, झाला, डिठौरा, भितरी, खैरा, हनुमानगढ़, बेल्दह, अकौरी सहित अन्य गांव शामिल हैं। वहीं जनपद पंचायत सिहावल क्षेत्र में ढ़ाबा, तरिहा, खड़बड़ा, परसौना कला, परसौना खुर्द, दुरांव आबाद, दुरांव वीरान, रामनगर कला, रामनगर खुर्द, बमुरी, सिहावल, गेरुआ, मेढ़ौली, बघोर, सोनतीर पटेहरा, रामडीह, मरसरहा, परसवार, कुनझुन कला, नकझर कला, नकझर खुर्द, खुटेली, बिछरी आदि में प्रशासनिक स्तर से संंबंधित गांवों में मुनादी कराकर सोन नदी का जल स्तर बढने एवं सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। मुनादी कराने एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर राजस्व विभाग द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। बाणसागर बांध से हर वर्ष गेटों के खोले जाने के बाद सोन नदी के जल स्तर में काफी वृद्धि हो जाती है। सोन नदी के किनारे बसे गांवों के अधिकांश लोगों को उक्त खतरे की जानकारी रहती है। इस वजह से वह पूर्व से ही सोन नदी के आसपास जाने से दूरी बनाए रहते हैं। संबंधित ग्रामों के ग्रामीण पालतू मवेशियों को भी नदी के किनारे नहीं जाने देते। बाणसागर बांध से पानी छोड़े जाने को लेकर प्रशासन पहले से ही पूरी तरह से अलर्ट मोड में है।

Next Post

मुर्मु ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी

Fri Sep 4 , 2026
नयी दिल्ली 04 सितम्बर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर देश के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने शुक्रवार को अपने संदेश में कहा ,”शिक्षक दिवस के अवसर पर, मैं देश के सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। शिक्षक दिवस भारत के […]

You May Like