सितंबर माह में आसमान खोलेगा पिटारा

सीहोर। सात दिन से बारिश का इंतजार कर रहे जिले में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली. सीहोर, आष्टा सहित कई क्षेत्रों में दोपहर बाद रिमझिम से शुरू हुआ बारिश का दौर कुछ ही देर में तेज बौछारों में बदल गया. करीब आधे घंटे से अधिक हुई तेज बारिश से शहर की सड़कें पानी से तरबतर हो गईं और उमस से बेहाल लोगों को राहत मिली. इसी बीच प्रशांत महासागर में नया चक्रवाती तूफान सक्रिय होने के कारण मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे में 150 से 200 मिलीमीटर तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है.

बीते सात दिनों से जिले में मौसम शुष्क बना हुआ था. कभी धूप तो कभी बादलों की आवाजाही के बीच बारिश नहीं होने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा था. इससे सोयाबीन सहित खरीफ फसलों को भी बारिश की जरूरत महसूस हो रही थी. गुरुवार को हुई बारिश ने किसानों को राहत दी है. पथरीली जमीन में खड़ी सोयाबीन सहित अन्य फसलों के लिए यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है.

कम बारिश का असर जिले के जलस्रोतों पर भी दिखाई दे रहा है. जल संसाधन विभाग के अधीन आने वाले 66 बड़े तालाबों में से महज 6 तालाब ही पूरी तरह भर पाए हैं. शेष तालाबों में पानी का स्तर कम है. ग्राम पंचायतों के अधीन छोटे तालाब और तलैया भी पूरी तरह नहीं भर पाए हैं. प्रमुख नदियों और नालों में भी अभी पर्याप्त बहाव नहीं है. ऐसे में सितंबर की बारिश ही जिले के जलस्रोतों और बारिश के कोटे की भरपाई की उम्मीद बनी हुई है.

आंकड़ों के अनुसार 3 सितंबर तक सीहोर तहसील में 925.0, श्यामपुर में 687.1, आष्टा में 720.0, जावर में 547.0, इछावर में 697.0, भैरुंदा में 824.0, बुदनी में 767.0 और रेहटी में 864.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। जिले का औसत आंकड़ा 753.9 मिलीमीटर है.

कोटा पूरा करने अभी 394.5 एमएम बारिश जरूरी

जिले में इस वर्ष मानसून की स्थिति अब तक सामान्य से काफी कमजोर रही है. 1 जून से 3 सितंबर तक जिले में औसतन 753.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 877.7 मिलीमीटर बारिश हुई थी. यानी इस साल अब तक पिछले वर्ष की तुलना में 123.8 मिलीमीटर कम बारिश हुई है. जिले की औसत वार्षिक बारिश का कोटा 1148.4 मिलीमीटर है. इसे पूरा करने के लिए अभी 394.5 मिलीमीटर बारिश की जरूरत है.

150 से 200 मिमी बारिश का पूर्वानुमान

गुरुवार को सीहोर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पश्चिम दिशा से करीब 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रशांत महासागर में सक्रिय हुए नए चक्रवाती तूफान के प्रभाव से अगले 72 घंटे जिले में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है. इस दौरान 150 से 200 मिलीमीटर तक बारिश होने का पूर्वानुमान है. लोगों को विशेष रूप से नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

3 दिन में भारी बारिश की संभावना

प्रशांत महासागर में नया चक्रवाती तूफान सक्रिय होने से बारिश का दौर शुरू हुआ है. अगले तीन दिन भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान 150 से 200 मिमी तक बारिश हो सकती है.

डॉ. एसएस तोमर,
मौसम वैज्ञानिक, आरएके

Next Post

लव जिहाद विषय वाली मटकी फोड़ के खिलाफ मुस्लिम समाज, प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग

Fri Sep 4 , 2026
सीहोर। आगामी 6 सितंबर को प्रस्तावित मटकी फोड़ को लेकर मुस्लिम समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने मज्जू खान के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा. मज्जू खान ने कहा कि कार्यक्रम में लव जिहाद की मटकी फोड़ जैसे विषय के माध्यम से मुस्लिम समाज के संबंध में आपत्तिजनक बातें […]

You May Like