
सीधी। सीधी शहर में अतिक्रमण से नदी-नालों का घरों में पानी घुस गया। हिरन-सूखा नदी के किनारे अतिक्रमण कर बने मोहल्लों में जल भराव प्रशासन के लिए चुनौती बन रहा है।जिले में लगातार हो रही बारिश ने अब लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासतौर से नदियों के समीप रहने वाले लोग तो अब परिवार के साथ रात्रि जागरण करने के लिए भी मजबूर हो गये हैं। ऐसा ही नजारा सीधी शहर में भी दरम्यानी रात नजर आया। दरअसल मंगलवार की शाम करीब 6 बजे से शुरू हुई झमाझम बारिश का दौर पूरी रात चलता रहा। रात 10 बजे के बाद हिरन नदी का जल स्तर बढ़ते ही नदी तटों पर अतिक्रमण कर घर बनाने वाले के बीच कोहराम मच गया। देर रात में तहसीलदार और मुख्य नगर पालिका अधिकारी अपने अमले के साथ हिरन नदी के तटीय इलाकों में भ्रमण कर जायजा लेते रहे। गनीमत यह रही की सुबह होते ही बारिश थम गई और लोगों ने राहत की सांस ली।
उधर सूखा नाला के भारी उफान पर आने से कुछ अतिक्रमणकारियों के घर के नीचे मिट्टी का कटाव होने लगा। सूखा नदी के दोनों तटों पर भारी अतिक्रमण कर मकान बनाने से यहां के हालात भी चिंताजनक नजर आये। तत्कालीन कलेक्टर अभिषेक सिंह द्वारा सूखा नदी के तटों से कुछ अतिक्रमण सख्ती के साथ हटवा दिये गये थे लेकिन वर्तमान में भी यहां दर्जनों अतिक्रमण मौजूद है जो तेज बारिश में अवरोध के रूप में नजर आते हैं।
चकदही एवं थनहवा टोला के घरों में घुसा पानी
थनहवा टोला में हिरन नदी के समीप से लेकर चकदही मार्ग वार्ड क्रमांक 19 में हिरन नदी के आसपास के सैकड़ो घरों में पानी भर गया। हालात यह थे की लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पार्षद और अधिकारियों तक फोन लगाने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने प्रशासनिक अमला भी रात में नदी के आसपास मुस्तैद रहा।
इंद्रप्रस्थ नगर-शास्त्री नगर के रपटे के ऊपर पानी
शहर के कलेक्ट्रेट के पीछे स्थित शास्त्री नगर-इंद्रप्रस्थ नगर के रपटे के ऊपर से आज सुबह से ही काफी तेज पानी चलने के कारण लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई है। लोगों को सीधी शहर आने के लिए अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना पड़ रहा है।
गोरियरा बांध ओव्हर फ्लो, सीधी-टिकरी में बह रहा पानी
लगातार हो रही बारिश के बीच शहर से लगे गोरियरा बांध के पानी ने खतरे के निशान को पार कर लिया। बांध का पानी आज सुबह से ओव्हर फ्लो होकर सीधी-टिकरी मुख्य मार्ग पर बहने लगा। सडक़ के ऊपर से पानी बहने की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। यहां से गुजर रहे सभी वाहनों को धीमी गति से गुजरना पड़ रहा है। जिसके चलते छोटे एवं बड़े वाहनों की यहां काफी जमावड़ा दिन भर लगा रहा।
गुलाब सागर नहर टूटी, मूड़ी क्षेत्र में बाढ़ का खतरा
शहर से लगे रामगढ़ पंचायत क्षेत्र में गुलाब सागर नहर टूटने से स्थिति गंभीर हो गई है। बारिश का पानी नहर में आने के कारण लाखों लीटर पानी मूड़ी क्षेत्र की ओर से सीधी शहर के भी कई वार्डों में पहुंच सकता है। खासकर हिरन नदी के तटीय क्षेत्र में निवास कर रहे लोगों को काफी सतर्कता बरतने की जरूरत है।
