अतिवृष्टि के चलते दिनभर मैदान में डटा नगर निगम अमला

सतना। लगातार वर्षा से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में उत्पन्न जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए डॉ.नागार्जुन बी.गौड़ा,आयुक्त नगर पालिक निगम सतना के नेतृत्व में निगम का अमला दिनभर मैदान में सक्रिय रहा।शहर के अलग-अलग हिस्सों से जलभराव और जलनिकासी में अवरोध की सूचना मिलते ही निगम की टीमें जेसीबी, मशीनरी एवं आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंचती रहीं। कहीं नाले-पुलियों में फंसे पेड़, कचरा और मलबा हटाकर जलप्रवाह बहाल किया गया, कहीं बरसाती पानी की निकासी के लिए रास्ता बनाया गया तो कहीं घरों में भरे पानी को मशीनों की सहायता से बाहर निकाला गया।

अतिवृष्टि के बीच जलनिकासी के साथ राहत कार्य भी समानांतर रूप से चलते रहे। निगम का तकनीकी अमला, जोनल टीमें, स्वास्थ्य विभाग, अतिक्रमण दस्ता, वर्कशॉप एवं मैदानी कर्मचारी अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार सक्रिय रहे।वार्ड क्रमांक 44 के बाईपास और आरएस कॉलोनी में जेसीबी से बरसाती पानी की निकासी के लिए रास्ता बनाया गया। भाजपा कार्यालय के पास, होटल प्रताप के सामने खेरमाई नाला तथा पुष्पराज कॉलोनी में भी जलनिकासी की कार्रवाई की गई। पुष्पराज कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने के बाद जेसीबी से मलबा निकलवाकर जाम नाली को खुलवाया गया।

वार्ड क्रमांक 35 में मछली मार्केट के सामने नाले की पुलिया जेसीबी से खुलवाई गई। वार्ड क्रमांक 27 की कामदगिरि कॉलोनी में पार्षद की उपस्थिति में बड़े नाले में आए अवरोध को हटाकर पानी की निकासी कराई गई। वहीं वार्ड क्रमांक 26 के राजेंद्र नगर, गली नंबर 9 में शारदा हॉस्पिटल के पीछे एक मकान में पानी भरने की सूचना पर निगम की टीम ने मशीन लगाकर जमा पानी बाहर निकाला।वार्ड क्रमांक 14 में भल्ला डेयरी फार्म के सामने पुलिया की सफाई कराकर जलप्रवाह सुचारु किया गया। कृपालपुर एवं वार्ड क्रमांक 16 में निगम के अतिक्रमण दस्ते और मैदानी कर्मचारियों ने जलनिकासी के लिए आवश्यक कार्रवाई की। वार्ड क्रमांक 37 के डीलौरा में पुलिया के आसपास का अवरोध हटाकर पानी की निकासी सुनिश्चित की गई।

वार्ड क्रमांक 39 में पंचमुखी मंदिर के पास मुख्य नाले की पुलिया में पेड़, कचरा एवं अन्य सामग्री फंसने से जलप्रवाह अवरुद्ध हो गया था और आसपास की बस्ती में पानी भरने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। सूचना मिलते ही निगम की टीम ने मौके पर जेसीबी लगाकर पुलिया में फंसी सामग्री हटाई और पानी के निकास का रास्ता साफ किया। इसी तरह वार्ड क्रमांक 38 में पारस साइकिल के सामने पुराने मकान की दीवार गिरने से गली का रास्ता बंद हो गया था। निगम की टीम ने जेसीबी से मलबा हटवाकर आवागमन के लिए रास्ता पुनः खुलवाया।

शहरभर में जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था

जलनिकासी और मैदानी कार्रवाई के साथ नगर निगम द्वारा अतिवृष्टि एवं जलभराव से प्रभावित जरूरतमंद नागरिकों की सहायता भी लगातार की जा रही है। निगम द्वारा करीब 1500 भोजन पैकेट तैयार कर शहरभर में जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। आवश्यकता के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद नागरिकों तक समय पर राहत पहुंचाई जा सके। इसके साथ ही जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में मुनादी कराकर नागरिकों को सतर्क रहने की सूचना दी जा रही है। निगम प्रशासन द्वारा जलभराव प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

तीनों EE से मैदानी अमले तक अलर्ट, फोन चालू रखने के निर्देश

अतिवृष्टि के दौरान किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। नगर पालिक निगम के तीनों कार्यपालन यंत्री (EE), पांचों जोनल प्रभारी, सभी उपयंत्री तथा स्वास्थ्य विभाग, अतिक्रमण और वर्कशॉप के समस्त स्टाफ को अपने मोबाइल फोन लगातार चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहर के किसी भी क्षेत्र से जलभराव अथवा अन्य आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित टीम और आवश्यक मशीनरी को तत्काल मौके पर भेजकर कार्रवाई की जा सके।

Next Post

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन ने किए राहत एवं बचाव कार्य

Thu Sep 3 , 2026
सतना, जिले में लगातार हुई भारी वर्षा के कारण विभिन्न तहसीलों में बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। आपदा की इस स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। […]

You May Like