
आलीराजपुर। जिले में उचित मूल्य दुकानों से पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब भारी पड़ सकती है। कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में खाद्य आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा कि पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जाए। अनियमितता अथवा लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मंत्री ने जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित उचित मूल्य दुकानों की व्यवस्थाओं और खाद्यान्न वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले के भ्रमण के दौरान लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं कि कुछ उचित मूल्य दुकानों पर हितग्राहियों को खाद्यान्न नहीं मिल रहा है। इतना ही नहीं, कुछ विक्रेताओं द्वारा यह कहकर हितग्राहियों को भ्रमित किए जाने की शिकायत भी मिल रही है कि शासन से खाद्यान्न का आवंटन प्राप्त नहीं हुआ है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि अगस्त और सितंबर माह का खाद्यान्न पूर्व से ही आवंटित किया जा चुका है। इसके बावजूद यदि हितग्राही राशन से वंचित रहते हैं तो यह गंभीर लापरवाही का विषय है। उन्होंने सभी विक्रेताओं को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को समय पर और निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।
स्टॉक की जानकारी छिपी नहीं रहेगी
मंत्री चौहान ने प्रत्येक उचित मूल्य दुकान पर उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक की जानकारी बोर्ड पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इससे हितग्राहियों को दुकान पर उपलब्ध खाद्यान्न की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सकेगी और पारदर्शिता भी बनी रहेगी।
उन्होंने उचित मूल्य दुकानों की रंगाई-पुताई कराने तथा इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। क्षतिग्रस्त दुकानों को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले की ऐसी दुकानों की सूची तैयार कर उनके सुधार अथवा पुनर्निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जाए।
महिला समूहों को दुकान संचालन की जिम्मेदारी देने पर जोर
बैठक में मंत्री ने महिला समूहों को उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, दुकानों का संचालन महिला समूहों द्वारा स्वयं किया जाए। इससे महिलाओं को रोजगार और दुकान संचालन का अनुभव मिलने के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने खाद्यान्न की गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि विक्रेता यह सुनिश्चित करें कि उन्हें आवंटित खाद्यान्न गुणवत्तापूर्ण हो। गुणवत्ता में कमी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचना देकर खाद्यान्न बदलवाने की कार्रवाई की जाए।
राशन में गड़बड़ी पर नहीं चलेगी कोई ढिलाई
मंत्री नागर सिंह चौहान ने अधिकारियों और उचित मूल्य दुकान संचालकों को दो टूक कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राही तक पहुंचना ही प्राथमिकता है। खाद्यान्न वितरण में किसी भी स्तर पर अनियमितता, लापरवाही या हितग्राहियों को भ्रमित करने की शिकायत सही पाई जाती है तो जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी श्री शिवसुंदर व्यास, जनप्रतिनिधि तथा जिले की समस्त उचित मूल्य दुकानों के विक्रेता उपस्थित रहे।
