इंदौर:शहर के तीन अलग अलग इलाकों में बदमाशों ने मकानों के ताले तोड़कर नकबजनी की वारदातों को अंजाम दिया. किशनगंज और हीरानगर में बड़ी मात्रा में सोने चांदी के जेवरात चोरी हुए, जबकि लसूड़िया में आभूषणों के साथ नकदी भी ले गए. तीनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
किशनगंज थाना क्षेत्र की आम्रपाली मॉडर्न टाउनशिप निवासी सतीश मालाकार शाम घर से बाहर गए थे, दोपहर लौटे तो मकान का ताला टूटा मिला. घर की जांच करने पर पुरानी इस्तेमाल की सोने की चेन, एक अंगूठी, तीन चांदी के सिक्के और छोटी चांदी की पायल गायब मिली, इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. वहीं हीरानगर थाना क्षेत्र के भानगढ़ स्थित सावित्री एम्पायर निवासी शिवकुमार सोनी के मकान में भी बदमाशों ने सेंध लगाई. शाम से सुबह के बीच हुई वारदात में घर से उनकी पत्नी और बहू के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए.
इनमें सोने की चूड़ियां, झुमकियां, चेन, अंगूठियां, हार, मंगलसूत्र, माथे का टीका, नथ और लौंग के साथ चांदी की पायल व बिछिया शामिल हैं. बच्चे की सोने की अंगूठी समेत अन्य आभूषण भी नहीं मिले. जबकि लसूड़िया थाना क्षेत्र के इंफोसिटी, अरंड्या बायपास निवासी मनोज भार्गव के मकान को भी बदमाशों ने निशाना बनाया. ताला तोड़कर अंदर घुसे बदमाश अलमारी और दीवान-बेड में रखे पुराने इस्तेमाल के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ले गए. लगातार सामने आई इन वारदातों के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. जांच इस बिंदु पर भी की जा रही है कि तीनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह है या अलग अलग बदमाश सक्रिय हैं, पुलिस ने संदिग्धों की जानकारी जुटाकर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
