छतरपुर। शहर की प्रमुख और व्यस्ततम सड़कों में शामिल जवाहर रोड इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया और ई-रिक्शा चालकों के लिए गड्ढों के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है। अचानक गड्ढा सामने आने से वाहन अनियंत्रित होने की आशंका रहती है।
सड़क से वाहनों के गुजरने पर लगातार धूल के गुबार उड़ रहे हैं। इससे राहगीरों और सड़क किनारे दुकान लगाने वाले व्यापारियों को परेशानी हो रही है। धूल के कारण वाहन चालकों को सामने देखने में भी दिक्कत होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ रही है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
