कलेक्टर ने अस्पताल और स्कूलों का किया निरीक्षण, अमले को कसा

ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका चौहान ने बिलौआ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, शासकीय सीनियर बालक छात्रावास, आंगनबाड़ी केन्द्र एवं यहाँ के स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में पानी की निकासी की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश बिलौआ सीएमओ को दिए। साथ ही सम्पूर्ण परिसर में रोशनी की पुख्ता व्यवस्था करने पर बल दिया। कलेक्टर ने यहाँ के सरकारी स्कूल परिसर से अतिक्रमण हटाकर अनाधिकृत रास्ता बंद कराने के निर्देश तहसीलदार को दिए हैं। माध्यमिक विद्यालय की सातवीं कक्षा की कुछ छात्राओं को संस्कृत विषय की पुस्तक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और यहाँ के बीआरसी का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने स्कूल में एक शिक्षक की तरह बालिकाओं को अंग्रेजी में आवेदन एवं अन्य लेखन में कैपिटल लेटर महत्व समझाया।

आंगनबाड़ी केन्द्र की व्यवस्थायें ठीक न पाए जाने पर उन्होंने यहां के सीडीपीओ और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए हैं। यहाँ के छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी कलेक्टर द्वारा स्थानीय तहसीलदार को दिए गए हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत एवं एसडीएम राजीव समाधिया भी कलेक्टर के साथ थे।

Next Post

आधी रात दो एटीएम तोड़ने की कोशिश

Sat Aug 29 , 2026
ग्वालियर। आनंद नगर में दरमियानी रात करीब 2:15 बजे एक नकाबपोश बदमाश ने दो एटीएम को निशाना बनाकर लूट की कोशिश की। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार आरोपी सबसे पहले आनंद नगर स्थित स्टेट बैंक के एटीएम में घुसा। शुरुआत में उसने सामान्य तरीके […]

You May Like