अतिक्रमण: दुकान से ज्यादा, दुकान के बाहर रहता है सामान

सीधी : शहर के व्यस्ततम बाजार क्षेत्र अशोक लाज से चकदही रोड एवं पालिका बाजार मार्ग की सडक़ों में अतिक्रमण कर दुकानों के सजी होने से ऐसा लगता है कि दुकान से ज्यादा दुकान के बाहर सडक़ में सामान रहता है जिससे शहरवासियों को आवागमन में अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यहां बताते चलें कि नगर पालिका परिषद सीधी अंतर्गत अशोक लाज से चकदही रोड और पालिका बाजार मार्ग शहर के सबसे व्यस्त और घने व्यापारिक क्षेत्रों में से हैं, जहां दुकानों के बाहर सामान फैलाने और बेतरतीब पार्किंग के कारण आए दिन गंभीर जाम की स्थिति बनी रहती है। इन मार्गों की वर्तमान स्थिति यह है कि अशोक लाज से चकदही मार्ग और पालिका बाजार की अधिकांश दुकानों के बाहर फुटपाथ और मुख्य सडक़ के हिस्सों पर सामान सजा दिया जाता है। इस कारण पैदल चलने वालों और वाहनों के लिए रास्ता बेहद संकरा हो जाता है। हालांकि नगर पालिका प्रशासन द्वारा समय-समय पर सडक़ में दुकान लगाने वालों पर कार्यवाही किए जाने का दावा किया जा रहा है। लेकिन सतत् निगरानी और सख्त कार्यवाही नही होने के कारण कार्यवाही के कुछ ही घंटों बाद स्थिति जस की तस हो जाती है।
००
अवैध पार्किंग और नो-एंट्री का उल्लंघन
इन व्यस्त रास्तों पर खरीदारों की चार पहिया गाडिय़ां सडक़ पर ही पार्क होती हैं। साथ ही, प्रतिबंधित समय नो-एंट्री के दौरान भी भारी वाहनों के प्रवेश करने से यातायात पूरी तरह ठप हो जाता है। जिससे लोगों को अक्सर समस्या का सामना करना पड़ता है।
००
इनका कहना है
फुटपाथ पर सडक़ों तक लगने वाली दुकानों पर समय-समय पर नगर पालिका परिषद सीधी के अतिक्रमण अमले द्वारा चालानी कार्यवाही की जाती है। जहां तक बात अशोक लाज से चकदही रोड एवं पालिका बाजार मार्ग में सडक़ों तक सामान रखे जाने वाले दुकानदारों को समझाइश देकर हटाने के निर्देश दिये जायेंगे। यदि इसके बाद भी सडक़ से दुकान की सामग्री नही हटाई गई तो नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जायेगी।
महमूद हसन, सीएमओ नपा-सीधी

Next Post

जिला चिकित्सालय में इंस्टॉल हुई बीए 800

Thu Aug 27 , 2026
सतना : जिला चिकित्सालय के नैदानिक केंद्र में बुधवार को बी ए 800 नामक मशीन को इंस्टॉल कर दिया गया. भोपाल से आई टीम ने मशीन को इंस्टॉल करने के साथ ही उसका परीक्षण करके भी देखा. अगले महीने की पहली तारीख से उक्त मशीन ऑपरेशनल हो जाएगी.प्राप्त जानकारी के […]

You May Like