जबलपुर। जबलपुर के सदर बाजार में दुर्गा पंडाल की बिजली सजावट में लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां कटे-फटे और असुरक्षित तारों से लाइटिंग की जा रही थी, जिससे 500 से 600 श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा था। मामले में पुलिस ने डेकोरेटर संजू सोनकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
यह मामला कैंट थाना क्षेत्र की गली नंबर 7 स्थित काली दुर्गा उत्सव समिति के पंडाल का है। बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता गौरव पाठक की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
शिकायत के मुताबिक, पंडाल में रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। ऐसे में खराब तारों के इस्तेमाल से करंट फैलने और गंभीर विद्युत हादसे की आशंका बनी हुई थी।
बिजली विभाग की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है। इस घटना ने दुर्गा पंडालों में बिजली सुरक्षा और आयोजकों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
