
ओंकारेश्वर, तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा घाटों पर डूबने से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। लखनऊ निवासी श्रद्धालु की मौत के बाद बुधवार को उज्जैन के 18 वर्षीय युवक की गोमुख घाट पर डूबने से मौत हो गई। इस वर्ष यह 25वीं मौत बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बुधवार 26 अगस्त 2026 को सुबह करीब 8.30 बजे उज्जैन जिले के कवासा निवासी आकाश पिता अशोक रायकवार (18) अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से ओंकारेश्वर पहुंचा था। दोनों रात करीब 3 बजे उज्जैन से रवाना हुए थे। सुबह ओंकारेश्वर पहुंचने के बाद वे गोमुख घाट पर नर्मदा स्नान करने लगे।
स्नान के दौरान आकाश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना पर नगर परिषद के गोताखोर तुकाराम केवट और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
मांधाता थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
लगातार हो रही घटनाओं ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन घाटों पर गहरे पानी में नहीं जाने की अपील कर रहा है, इसके बावजूद हादसे थम नहीं रहे हैं।
