12 केस वाले आरोपी के पास मिली 5.20 लाख की एमडी

इंदौर: हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में पहले से दर्ज आरोपी फैजान पठान उर्फ बारीक को क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है. डीआरपी लाइन अस्पताल के सामने शांतिपथ रोड पर संदिग्ध हालत में मिले आरोपी की तलाशी में उसकी पैंट की जेब से 52.71 ग्राम मेफेड्रॉन बरामद हुआ. जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 5 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है. पुलिस अब उससे ड्रग्स की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है.

क्राइम ब्रांच की टीम ने मादक पदार्थों के संदेहियों की तलाश में डीआरपी लाइन अस्पताल के सामने शांतिपथ रोड पर पहुंची थी. इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया. पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोका और पूछताछ की तो उसने अपना नाम फैजान पठान उर्फ बारीक निवासी सदर बाजार बताया. तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से 52.71 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली. पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है. जांच में सामने आया कि फैजान पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है. उसके खिलाफ वर्ष 2020 से 2025 के बीच 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज पाए गए हैं.

इनमें खजराना थाने में आर्म्स एक्ट के साथ आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े मामले, सदर बाजार में चोरी, सराफा थाने में हत्या के प्रयास, चोरी और लूट, एरोड्रम में चोरी और लूट, अन्नपूर्णा में लूट-चोरी, मल्हारगंज में चोरी, भंवरकुआं और रावजी बाजार में लूट तथा सदर बाजार में चोरी के मामले शामिल हैं. वर्ष 2025 में खजराना थाने में भी उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 305 के तहत प्रकरण दर्ज हुआ था. आरोपी सातवीं तक पढ़ा है और इलेक्ट्रॉनिक हीटर बनाने का काम करता है. अब जांच का फोकस इस बात पर है कि वह 52.71 ग्राम एमडी कहां से लेकर आया था और इसे शहर में किसे सप्लाई करने वाला था. क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर ड्रग्स की खरीद फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. मामले में डीसीपी क्राईम राजेश त्रिपाठी का कहना है कि आरोपी के पास से 52.71 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है. उसके पूर्व के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी मिली है. आरोपी से ड्रग्स के स्रोत और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.

क्राइम ब्रांच के आंकड़ों के अनुसार इस साल 1 जनवरी से 26 अगस्त तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 62 प्रकरणों में 127 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इन कार्रवाई में 2.95816 किलो एमडी, 28.338 किलो गांजा, 500 किलो भांग, 268.58 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 3 करोड़ 57 लाख 8 हजार रुपए कीमत के मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए हैं.

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड…

फैजान पठान उर्फ बारीक के खिलाफ अब तक सामने आए 12 प्रकरण, 2020: सदर बाजार में चोरी व सेंधमारी. 2021: खजराना में आर्म्स एक्ट, आपराधिक षड्यंत्र; सराफा में हत्या के प्रयास, चोरी व लूट. 2022: एरोड्रम में चोरी, लूट व झपटमारी; अन्नपूर्णा में लूट-चोरी; मल्हारगंज में चोरी. 2023: भंवरकुआं में लूट. 2024: रावजी बाजार में लूट तथा सदर बाजार में चोरी के दो मामले. 2025: खजराना में बीएनएस की धारा 305 के तहत प्रकरण.

Next Post

ईद मिलादुन्नबी पर खजराना में पुलिस का फ्लैग मार्च

Wed Aug 26 , 2026
इंदौर: आगामी ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर खजराना क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. मंगलवार को पुलिस बल ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर प्रमुख मार्गों, संवेदनशील इलाकों और आयोजन स्थलों का जायजा लिया. इस बार पुलिस के साथ स्थानीय वॉलेंटियर्स भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग […]

You May Like

मनोरंजन