15 दिनों में विक्रमशिला विश्वविद्यालय के लिए भूमि अधिग्रहण पूरा होगा, एक वर्ष में होगा पुनर्स्थापन : सम्राट चौधरी

पटना,18 जून (वार्ता)बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को बताया कि अगले 15 दिनों के भीतर विक्रमशिला विश्वविद्यालय के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और आगामी एक वर्ष में विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित कर दिया जाएगा।मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज एएन कॉलेज परिसर में आयोजित अनुग्रह जयंती-सह-स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि एएन कॉलेज की पटना में एक अलग पहचान रही है। उन्होंने कहा कि बिहार का गौरवशाली शैक्षणिक इतिहास रहा है और राज्य सरकार उसे पुनर्स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनर्स्थापन की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। अगले 15 दिनों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और एक वर्ष के भीतर विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित करने का लक्ष्य है।

श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और राज्य के छात्र देशभर में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित करना चाहती है जिससे बिहार के बच्चे राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें और उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जुलाई से सभी प्रखंडों में मॉडल विद्यालय स्थापित किए जाएंगे, जहां विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों के लिए भूमि संबंधी लंबित मामलों का समाधान किया जा रहा है और बेहतर आधारभूत संरचना विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

श्री चौधरी ने कहा कि देश के शीर्ष विश्वविद्यालयों के साथ समझौता कर बिहार के उच्च शिक्षण संस्थानों की गुणवत्ता बढ़ाई जाएगी। साथ ही आधुनिक तकनीक का उपयोग कर शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने एएन कॉलेज से जुड़ी मांगों पर निर्णय लेते हुए घोषणा की कि कॉलेज परिसर में स्थित थाना 10 दिनों के भीतर अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इसके अलावा भवन निर्माण विभाग की उपलब्ध भूमि भी जल्द कॉलेज को हस्तांतरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। राज्य में नए विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं तथा छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि एएन कॉलेज पटना का सर्वश्रेष्ठ महाविद्यालय बने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करे।

इस अवसर पर श्री चौधरी ने बिहार विभूति डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा अनुग्रह वाटिका में पौधारोपण भी किया।

कार्यक्रम को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति उपेन्द्र प्रसाद सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन तथा एएन कॉलेज की प्राचार्या रत्ना अमृत ने भी संबोधित किया।

Next Post

मोदी ने यूरोपीय कंपनियों से भारत के साथ मिलकर काम करने का किया आह्वान

Thu Jun 18 , 2026
नयी दिल्ली 18 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूरोपीय कंपनियों से कहा है कि भारत में दो लाख से ज्यादा स्टार्टअप उनके साथ मिलकर दुनिया की बेहतरी के लिए काम करने को उत्सुक हैं। श्री मोदी ने गुरुवार को पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ यूरोप […]

You May Like