सारनी। सावन में सारनी क्षेत्र पूरी तरह शिवमय नजर आया। नगर पालिका परिषद सारनी के स्वागत द्वार बगडोना से लेकर क्षेत्र के आराध्य एवं कुलदेवता श्री श्री 1008 बाबा मठारदेव की तलहटी स्थित मंदिर तक निकली विशाल कांवड़ यात्रा में आस्था,भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।बड़ी संख्या में महिला,पुरुष और बच्चे कांवड़ यात्रा में शामिल हुए और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।जय स्तंभ चौक पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता तिरुपति एरोलू,आमला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे मनोज मालवे सहित कांग्रेस के अनेक नेताओं ने पहुंचकर कांवड़ यात्रा का भव्य स्वागत किया।इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
किसान खुदरा व्यापारी संघ के अध्यक्ष दीपक सोनेकर ने बताया महावीर स्वामी वार्ड क्रमांक 36 बगडोना स्थित स्वागत द्वार से विशाल कांवड़ यात्रा एवं बाबा मठारदेव की शाही सवारी का शुभारंभ किया गया। इससे पहले ग्राम पंचायत सलैया स्थित बैकुंठ धाम आश्रम में विधि-विधान से पूजा- अर्चना की गई। इसके बाद कांवड़ यात्रा ने नगर भ्रमण शुरू किया।यात्रा बगडोना, शोभापुर के एसबीआई मार्ग,जेरी चौक,पाथाखेड़ा के पुराने बाजार,न्यू मार्केट, पाथाखेड़ा बस स्टॉप, राजीव चौक तिगड्डा से होते हुए जय स्तंभ चौक होते हुए बाजार चौक पहुंची। इसके बाद श्रद्धालु बाबा मठारदेव की तलहटी मंदिर पहुंचे,जहां पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया।
इस बार कांवड़ यात्रा को भव्य और यादगार बनाने के लिए खुदरा व्यापारी संघ द्वारा विक्रमादित्य की नगरी उज्जैन से विशेष झांकियां और कलाकार बुलाए गए थे।कलाकारों ने भगवान भोलेनाथ सहित विभिन्न धार्मिक पात्रों की वेशभूषा में नृत्य और आकर्षक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सड़क किनारे खड़े लोग इन मनमोहक झांकियों को देखने के लिए रुकते नजर आए।कांवड़ यात्रा में शामिल महिलाओं और बच्चों का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। पहली बार क्षेत्र में बाबा मठारदेव की शाही सवारी निकाले जाने को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।जलाभिषेक के बाद बाबा मठारदेव मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। शाम से देर रात तक देवी जागरण का आयोजन हुआ,जिसमें देवी मां और बाबा भोलेनाथ के भजनों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।विशाल कांवड़ यात्रा को देखते हुए सारनी और पाथाखेड़ा पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में जवान तैनात किए गए।पुलिस की निगरानी में यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
