
सिंगरौली । चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम कोरसर-कोठार निवासी एक 13 साल का बालक भैंसो को चराह रहा था कि अचानक पैर फिसलने से गोपद नदी में समा गया। जहां उसकी तलाश शनिवार की दोपहर से जारी है। लेकिन अभी तक उसका कोई पता नही चल पाया। पुलिस के अनुसार ग्राम कोरसर-कोठार गांव निवासी आशीष मौर्या पिता नान्हू मौर्या उम्र 13 वर्ष अपने अन्य साथियों के साथ गोपद नदी के किनारे भौस चराह रहा था कि अचानक उसका पैर फिसल गया और गहरे पानी में समा गया। घटना स्थल पर मौजूद अन्य चरवाहे शोर-शराबा, हल्ला-गुहार करने लगे। आशीष के परिजन एवं अन्य ग्रामीण घटनास्थल पहुंच तलाश करने लगे, लेकिन सफलता न मिलने पर चितरंगी पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस भी एसडीआरएफ एवं स्थानीय गोताखोरो के माध्यम से पतासाजी करने में लगी हुई है, लेकिन घटना के दूसरे दिन भी आशीष का कोई पता नही चल पाया है। वहीं इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस लगातार तलाश करने में लगी हुई है।
अमृत सरोबर बांध में युवक के डूबने की आशंका
चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम गांगी निवासी एक 30 साल का युवक घर के समीप अमृत सरोबर बांध में रविवार की दोपहर के वक्त नहाने गया था, तब से घर वापस नही आया है। परिजन बांध में डूबने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि इसकी पुष्टि नही हो पाई है। जानकारी के अनुसार ग्राम गांगी के दादू विश्वकर्मा पिता शीतला विश्वकर्मा उम्र 30 वर्ष घर से अमृत सरोबर बांध में नहाने के लिए बता कर निकला था, लेकिन करीब 2 घंटे तक वापस न आने पर परिजन खोज-खबर लेने लगे, लेकिन कोई सुराग न लग पाने पर इसकी सूचना चितरंगी पुलिस एवं अन्य अधिकारियों को दी गई है। क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से रेस्क्यू करने में भी दिक्कते हो रही हैं।
