कावड़ियों की अपार भीड़ से पटे शहर के सभी रास्ते 

सीहोर। सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक मंगलवार को निकलने वाली भव्य कांवड़ यात्रा से पहले ही शहर आस्था के रंग में रंग गया है. देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला रविवार रात से तेज हो गया. सोमवार को सुबह से सीवन नदी तट और शहर के प्रमुख मार्गों पर कांवडिय़ों की भीड़ बढ़ती चली गई. हालात यह रहे कि यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुराने हाईवे पर कोलीपुरा और बस स्टैंड की ओर से वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी. केवल दोपहिया वाहनों को ही आगे जाने की अनुमति दी गई. शहर में कांवडिय़ों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही.

मंगलवार को पंडित प्रदीप मिश्रा के नेतृत्व में निकलने वाली इस विशाल कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. यात्रा मार्ग को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है. अधिकारी अपने निर्धारित प्वाइंट पर तैनात रहकर श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे. आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल, मेडिकल टीम, क्रेन व अन्य संसाधनों को तैयार रखा गया है.

कुबेरेश्वरधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन कर वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने की तैयारी की गई है. प्रवेश-निकास द्वार, वेटिंग एरिया, अनाउंसमेंट सिस्टम और आपातकालीन व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखा गया है. श्रद्धालुओं को लगातार अनाउंसमेंट के जरिए आवश्यक दिशा-निर्देश और भीड़ की स्थिति की जानकारी दी जाएगी. यात्रा मार्ग पर सफाई दल सक्रिय रहेंगे, वहीं आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सड़क मरम्मत का काम भी कराया गया है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक देहात भोपाल राजेश चंदेल ने कुबेरेश्वर धाम एवं सीवन नदी घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे.

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है. जिला प्रशासन और पुलिस रेलवे प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं. रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक बल और अधिकारी तैनात रहेंगे.

भीड़ बढ़ी तो शुगर मिल चौराहे से बदला यातायात मार्ग

सोमवार दोपहर रेलवे स्टेशन की ओर से श्रद्धालुओं की भीड़ बढऩे पर चार पहिया वाहनों को शुगर मिल चौराहे से डायवर्ट कर गणेश मंदिर रोड, मंत्री पेट्रोल पंप होते हुए इंदौर नाका रोड की ओर भेजा गया. इससे इन मार्गों पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया. पुलिस जवान लगातार व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। भोपाल-इंदौर बायपास पर सुबह 6 बजे से भारी वाहनों को भोपाल और फंदा टोल नाका तथा इंदौर की ओर से आने वाले वाहनों को देवास की ओर डायवर्ट किया गया. सुबह 9 बजे भीड़ बढऩे पर छोटे चार पहिया वाहनों को क्रिसेंट चौराहे से डायवर्ट किया गया.

रात से ही नदी चौराहे पर उमडऩे लगे थे हजारों श्रद्धालु

बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीती रात करीब 11 बजे से ही नदी चौराहे पर हजारों श्रद्धालु पहुंच गए. देखते ही देखते पूरा मार्ग भीड़ से भर गया और पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया. प्रशासन के अनुमान के मुताबिक मंगलवार सुबह तक यहां श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में पहुंच सकती है. मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पंडित प्रदीप मिश्रा सीवन नदी के महिला घाट पहुंचेंगे. यहां से वे कांवड़ में जल लेकर कुबेरेश्वरधाम के लिए रवाना होंगे. उनके साथ श्रद्धालु भी कावड़ यात्रा में शामिल होंगे. लाखों श्रद्धालुओं की संभावित मौजूदगी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.

यात्रा मार्ग पर बनाए पांच मेडिकल प्वाइंट

स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए यात्रा मार्ग पर मानक बाग, डीमार्ट, चौपाल सागर, परमार ढाबा और मोगराफूल जोड़ सहित पांच मेडिकल प्वाइंट बनाए गए हैं. इसके अलावा कुबेरेश्वरधाम परिसर में वेटिंग एरिया डोम, भगवान शंकर मंदिर, कंकर शंकर पूजा स्थल के सामने डोम तथा पं. रामेश्वर मिश्रा अस्पताल में मेडिकल प्वाइंट की व्यवस्था की गई है. स्वास्थ्य विभाग ने पीएचसी गुड़भेला-नापलाखेड़ी जोड़ और एसएचसी चितावलिया हेमा को भी स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ा है.

Next Post

आवासीय महंगाई पहली तिमाही में 3.65 प्रतिशत पर, चंडीगढ़ और जयपुर में सबसे ज्यादा बढ़े दाम

Mon Aug 24 , 2026
मुंबई, 24 अगस्त (वार्ता) वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में देश के 18 शहरों में आवासीय महंगाई दर 3.65 प्रतिशत रही जिसमें चंडीगढ़ और जयपुर का सबसे अधिक योगदान रहा। रिजर्व बैंक ने सोमवार को पहली तिमाही के आवासीय मूल्य सूचकांक के आंकड़े जारी किये। पिछले वित्त वर्ष की […]

You May Like