
रीवा, मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र की हाटा चौकी अंतर्गत बरौही गांव निवासी 42 वर्षीय राजकुमार विश्वकर्मा की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष से पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद राजकुमार के साथ मारपीट की गई थी. गंभीर हालत में उन्हें मऊगंज के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. हालत में सुधार नहीं होने पर सोमवार सुबह बनारस ले जाते समय करीब 8 बजे रास्ते में उनकी मौत हो गई.
मौत के बाद परिजन शव लेकर दोपहर करीब 1 बजे मऊगंज कलेक्ट्रेट पहुंचे. यहां शव को कलेक्ट्रेट गेट के सामने रखकर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. सूचना पर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच एवं वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिया. आश्वासन के बाद परिजन शव लेकर मऊगंज थाने पहुंचे. मृतक के पिता भाईलाल विश्वकर्मा ने बताया कि राजकुमार की ससुराल हर्रहा टोला में है. उन्होंने विश्राम विश्वकर्मा, रामनरेश विश्वकर्मा और हीरामन विश्वकर्मा पर मारपीट का आरोप लगाया. मृतक की बेटी संजू विश्वकर्मा ने बताया कि शनिवार को पैसों को लेकर कहासुनी के बाद उनके पिता के साथ मारपीट की गई. मृतक के भांजे मनीष विश्वकर्मा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया. मऊगंज थाना प्रभारी राम सिंह के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पीएम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
