![]()
सीधी। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला स्व-सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आजीविका मिशन द्वारा तीन दिवसीय राखी मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेला 23 से 25 अगस्त तक मानस भवन सीधी में आयोजित होगा। इसमें जिले के महिला समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जाएगी।
मेले में मिलेट्स उत्पाद, जूट से बने सामान, एलईडी बल्ब, महुआ से तैयार लड्डू व कुकीज, देसी अरहर दाल, बांस के उत्पाद, हैंडलूम, अचार, मूर्तियां, पंजा दरी, दोना-पत्तल सहित अन्य स्थानीय उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं के हुनर को बाजार से जोड़ते हुए उनके उत्पादों की बिक्री बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।
स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील-
आयोजकों ने नागरिकों से मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील की है। इससे महिला समूहों को उनके उत्पादों का बेहतर बाजार मिलने के साथ उनकी आय और आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। मेले को स्थानीय उत्पादन, स्थानीय पहचान और आत्मनिर्भर सीधी के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
