
एनएसयूआई मीडिया विभाग के प्रमुख रवि हनुमान पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि इससे संबंधित अधिनियम के अनुसार आईटीपीआई के एक प्रतिनिधि को अध्यक्ष द्वारा नामित किए जाने का प्रावधान है लेकिन इसमें खुद आईटीपीआई अध्यक्ष को पदेन सदस्य नहीं बनाया गया है। उन्होंने बताया कि आईटीपीआई अध्यक्ष कपूर का नामांकन अवैध है इसकी वैधता की जांच कर उन्हें तत्काल शासी मंडल से हटाया जाना चाहिए।
एनएसयूआई प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि श्री कपूर ने भर्ती एवं चयन संबंधी शासी मंडल की कार्यवाहियों में भी भाग लिया तथा बैठक शुल्क और अन्य वित्तीय लाभ प्राप्त किए। संगठन ने उनके नामांकन, कार्यवाहियों में भागीदारी और प्राप्त लाभों की जांच की मांग की है। संगठन ने कहा है कि यदि जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो श्री कपूर के खिलाफ उचित कार्रवाई के साथ प्राप्त वित्तीय लाभों की वसूली भी की जानी चाहिए। एनएसयूआई ने कार्रवाई नहीं होने पर योजना एवं वास्तुकला विद्यालय के बाहर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
