विंध्य में उफान पर नदियां: बीहर और बकिया सहित कई बांधों के गेट खोले

सतना: विंध्य क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से पानी की भारी आवक के कारण प्रमुख नदियों और बांधों का जलस्तर खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है.जलभराव के दबाव को देखते हुए प्रशासन ने प्रमुख बांधों और बैराजों से बड़े पैमाने पर जल निकासी शुरू कर दी है.बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बीहर बैराज में जलस्तर 279.40 मीटर पहुंचते ही उसके सभी 18 गेट पूरी तरह खोल दिए गए, जहां से 1,879 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है.वहीं बकिया बैराज का जलस्तर 279.90 मीटर दर्ज होने पर 11 गेटों को 175-175 सेमी उठाकर 2,448 क्यूमेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है.

इसी प्रकार मेजा बांध का जलस्तर 177.50 मीटर पहुंचने पर 5 गेट 60-60 सेमी खोलकर 8,047 क्यूसेक और अदवा बांध (जलस्तर 191.35 मीटर) के कुल 4 गेट अलग-अलग क्षमता में खोलकर 6,608 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है.क्षेत्र के अन्य प्रमुख जलाशयों में भी पानी की आवक तेज है.बाणसागर बांध (देवलोद) का जलस्तर 338.79 मीटर, सिरसी बांध 216.80 मीटर, माधवगढ़ 287.50 मीटर और सिलपरा टीएचपी 298.30 मीटर पर पहुंच चुका है.बांधों से छोड़े जा रहे पानी के चलते नदी तटों पर स्थित पुलों पर भी दबाव बढ़ गया है.रीवा स्थित विक्रमपुल पर बीहर नदी का जलस्तर 294.90 मीटर, बेलन नदी के डिह पुल पर 116.00 मीटर और तमसा नदी के पटेहरा घाट पर 108.02 मीटर दर्ज किया गया है.बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं. तमसा, बीहर और बेलन नदी के किनारे बसे निचले गांवों में अलर्ट जारी करते हुए ग्रामीणों को जलमग्न रपटों और पुल-पुलियों को पार न करने की सख्त हिदायत दी गई है.कंट्रोल रूम से स्थिति पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है

Next Post

मांगें पूरी नहीं हुईं तो भोपाल कूच के लिए निकले कृषि विस्तार अधिकारी

Fri Aug 21 , 2026
सतना: मध्यप्रदेश कृषि विभाग में कार्यरत कृषि विस्तार अधिकारियों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन जारी है। शासन स्तर से मांगों पर अब तक ठोस निर्णय नहीं होने से नाराज सतना जिले के कृषि विस्तार अधिकारी भी 20 अगस्त को प्रदेश के अन्य जिलों के अधिकारियों के साथ भोपाल के […]

You May Like