
मनीष राठौर
सुसनेर। सुसनेर थाना क्षेत्र में अपहरण की घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर अपहृत युवक को आरोपियों के चंगुल से सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश गया है।
जानकारी के अनुसार मगरिया निवासी एलकार सिंह के अपहरण की सूचना मिलने के बाद सुसनेर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर दबिश देते हुए लगातार तलाश की और आखिरकार 24 घंटे के भीतर युवक को सकुशल दस्तयाब कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त बताई जा रही काले रंग की बोलेरो कार भी जब्त की है। पुलिस द्वारा मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।
पुलिस की तत्परता की हो रही सराहना
अपहरण जैसी गंभीर घटना के बाद पुलिस द्वारा कम समय में युवक को सकुशल बरामद किए जाने को लेकर क्षेत्रवासियों में पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है। थाना प्रभारी अनिल कुमार मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा दिखाई गई सक्रियता से अपराधियों में पुलिस का भय दिखाई देने की चर्चा भी क्षेत्र में है।
पुलिस की इस कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि सुसनेर थाना क्षेत्र में अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस तेजी से कार्रवाई करने के लिए तैयार है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
