मप्र में स्कूली छात्रों को थानों का भ्रमण और सुरक्षा पाठ पढ़ाएगी पुलिस

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) के तकनीकी सहयोग से प्रदेश के सभी 52 जिलों में “जन सुरक्षा–युवा सृजन संवाद” कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता, व्यक्तिगत सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करना है।

कार्यक्रम कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसमें संवैधानिक अधिकार एवं कर्तव्य, महिला एवं बाल सुरक्षा कानून, साइबर अपराध से बचाव, सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव तथा जिम्मेदार नागरिकता जैसे विषयों की जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थियों को पुलिस थानों, जिला नियंत्रण कक्ष और डायल-112 आपातकालीन सेवा की कार्यप्रणाली से भी परिचित कराया जा रहा है।

कार्यक्रम शुरू होने से पहले करीब 300 पुलिसकर्मियों एवं शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया। विद्यार्थियों को लगभग तीन घंटे का कक्षा प्रशिक्षण देने के बाद पुलिस थानों एवं नियंत्रण कक्षों का भ्रमण कराया जाएगा।

कार्यक्रम का पहला चरण 5 अगस्त से 15 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद 30 अक्टूबर तक तहसील एवं अनुविभाग स्तर के स्कूलों तक इसका विस्तार किया जाएगा। राष्ट्रीय एकता दिवस पर 31 अक्टूबर को विशेष पुलिस थाना भ्रमण भी प्रस्तावित है।

 

Next Post

IRE W vs ENG W: इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए आयरलैंड की 14 सदस्यीय टीम घोषित, चोट से लौटे 2 खिलाड़ी

Thu Aug 20 , 2026
डबलिन, इंग्लैंड के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए आयरलैंड की 14-सदस्यीय महिला टीम घोषित। चोट से उबरकर अर्लीन केली और ऐलिस टेक्टर की हुई वापसी। आयरलैंड ने सितंबर में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की महिला वनडे सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम का ऐलान […]

You May Like