भोपाल। एमपी नगर स्थित श्री विद्योदय तीर्थ में आचार्य श्री 108 समयसागर महाराज के पावन सान्निध्य में भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। पंचायत कमेटी के मीडिया प्रभारी भविष्य जैन ने बताया कि जैन परंपरा के अनुसार भगवान पार्श्वनाथ ने सम्मेद शिखरजी की पावन भूमि से मोक्ष प्राप्त किया था। इसी स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने भगवान की आराधना और आचार्य श्री की पूजन कर चरणों में निर्वाण लाडू समर्पित किया। इस अवसर पर पंचायत कमेटी अध्यक्ष पंकज जैन सुपारी, मंत्री हुकुमचंद जैन, कोषाध्यक्ष अरविंद जैन रोडवेज, राकेश जैन ओएसडी, देवेंद्र जैन रुचि सहित समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे। पंचायत कमेटी के ट्रस्टी ऋषभ जैन कोतवाली परिवार को आचार्य श्री को शास्त्र भेंट एवं चरण वंदना का सौभाग्य मिला।
