
उज्जैन। मक्सी रोड पर मंगलवार बुधवार रात बाइक और लोडिंग की आमने सामने भिड़ंत हो गई। बाइक पर सवार दो युवक गंभीर घायल हो गए थे उन्हें अस्पताल लाया जाता उससे पहले रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। बुधवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है।
पंवासा थाना पुलिस ने बताया कि रात में पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के सामने बाइक और लोडिंग वाहन में सीधी भिड़ंत होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। बाइक पर सवार दो युवक गंभीर घायल हुए थे जिन्हें अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। दुर्घटना स्थल पर क्षतिग्रस्त बाइक और लोडिंग वाहन खड़ा मिला। उन्होंने बताया कि आमने सामने की भिड़ंत हुई थी। लोडिंग का चालक भाग गया है। पुलिस ने लोडिंग वाहन जब्त किया और क्षतिग्रस्त बाइक थाने लेकर आई। इस बीच पता चला कि अस्पताल भेजे गए दोनों घायलों की मौत हो चुकी है।
मृतकों के नाम सुरेश पिता मोहन दायमा 35 साल और गज्जू पिता बाबू दास बैरागी 30 साल निवासी पाटपाला सामने आए। रात में ही पुलिस ने मर्ग कायम किया और दोनों के शव पोस्टमार्टम कक्ष पहुंचाये। सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया इस दौरान सामने आया कि दोनों ड्राइवरी करते थे और बाइक से शंकरपुर जाने के लिए निकले थे। सुरेश का विवाह हो चुका था और वह तीन बच्चों का पिता था। पुलिस ने जप्त किए गए लोडिंग वाहन नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू की है।
