
सिंगरौली । जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय कार्यालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग भोपाल की टीम ने सिंगरौली का भ्रमण किया। डॉ. मोहम्मद आसिफ एवं मनीष सैनी ने जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सपोर्टिव सुपरवीजन करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान जिला अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, उपलब्धियों और सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। टीम ने कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके बाद टीम ने जिला अस्पताल, न्यूट्रिशन रिहैबिलिटेशन सेंटर एनआरसी, कोल्ड चेन एवं मैटरनिटी विंग का निरीक्षण किया। साथ ही सीएचसी खुटार और एसएचसी रजमिलान पहुंचकर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं, अभिलेख संधारण, मानव संसाधन, दवाओं एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। टीम ने कमियों में सुधार, नियमित मॉनिटरिंग और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
