डीएसपी फाइनेंस ने किया वोल्ट मनी का अधिग्रहण किया

मुंबई, 18 अगस्त (वार्ता) डीएसपी ग्रुप की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) डीएसपी फाइनेंस ने मंगलवार को सॉल्टर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड (वोल्ट मनी) के अधिग्रहण की घोषणा की।

वोल्ट मनी एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो वित्तीय परिसंपत्तियों, विशेष रूप से म्यूचुअल फंड के बदले ऋण उपलब्ध कराता है।

डीएसपी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस अधिग्रहण से सुरक्षित ऋण क्षेत्र में काम करने वाले दो पूरक व्यवसाय एक साथ आ जायेंगे। डीएसपी फाइनेंस अपनी बैलेंस शीट, जोखिम प्रबंधन और संस्थागत ढांचा उपलब्ध करायेगा। वहीं, वोल्ट मनी म्यूचुअल फंड के बदले डिजिटल ऋण बाजार की शुरुआती कंपनियों में से एक है जो अत्याधुनिक तकनीक और स्थापित वितरण नेटवर्क के माध्यम से सहज डिजिटल ग्राहक अनुभव प्रदान करता है। इसका प्लेटफॉर्म ग्राहकों को अपने म्यूचुअल फंड निवेश के बदले तेजी और आसानी से ऋण लेने की सुविधा देता है।

लागू प्रक्रियाओं और मंजूरियों के अधीन राशि पांच मिनट के भीतर वितरित की जा सकती है। यह संयोजन डीएसपी फाइनेंस की वित्तीय परिसंपत्तियों के बदले डिजिटल ऋण को बड़े स्तर पर विस्तार देने और देशभर में म्यूचुअल फंड तथा वेल्थ मैनेजमेंट पारितंत्र से जुड़े ग्राहकों की सेवा करने की क्षमता को मजबूत करता है। डीएसपी फाइनेंस ने जुलाई 2024 में एनबीएफसी पंजीकरण प्राप्त करने के बाद से 1.8 लाख से अधिक रिटेल ग्राहकों को जोड़ा है और लगभग 4,000 करोड़ रुपये का लोन बुक बनाया है।

डीएसपी फाइनेंस के चेयरमैन हेमेन्द्र कोठारी ने कहा, “डीएसपी 160 से अधिक वर्षों से भारत के वित्तीय बाजारों के विकास का हिस्सा रहा है। हमारा दृष्टिकोण हमेशा दीर्घकालिक आधार पर व्यवसाय खड़ा करने का रहा है, साथ ही अपने ग्राहकों की बदलती जरूरतों के अनुसार खुद को ढालने का भी। वोल्ट मनी का अधिग्रहण टेक्नोलॉजी आधारित सुरक्षित ऋण कारोबार में हमारी क्षमताओं को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वोल्ट मनी की डिजिटल क्षमताओं को डीएसपी फाइनेंस की संस्थागत मजबूती और लेंडिंग विशेषज्ञता के साथ जोड़कर हमें वित्तीय परिसंपत्तियों पर आधारित एक बड़े और जिम्मेदार लेंडिंग प्लेटफॉर्म के निर्माण का अवसर दिखाई देता है।”

वोल्ट मनी के मुख्य कार्यकारी और सह-संस्थापक ललित बिहानी ने कहा, “वोल्ट मनी की स्थापना म्यूचुअल फंड के बदले ऋण लेने की प्रक्रिया को सरल और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से की गयी थी। डीएसपी फाइनेंस का हिस्सा बनने से हमें अपनी टेक्नोलॉजी और ग्राहक अनुभव क्षमताओं को एक स्थापित वित्तीय सेवा समूह के पैमाने, बैलेंस शीट और संस्थागत मजबूती के साथ जोड़ने का अवसर मिलेगा। हम साथ मिलकर डिजिटल इकोसिस्टम का निर्माण और विस्तार जारी रखने तथा देशभर के ग्राहकों के लिए और अधिक समाधान विकसित करने को लेकर उत्साहित हैं।”

Next Post

पाकिस्तान: सुप्रीम कोर्ट ने बिगड़ते स्वास्थ्य के कारण इमरान खान को अस्पताल भेजने का आदेश दिया

Tue Aug 18 , 2026
इस्लामाबाद, 18 अगस्त (वार्ता) पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बिगड़ती सेहत को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश दिया है। अदालत ने अधिकारियों को श्री खान को रावलपिंडी की अडियाला जेल से इस्लामाबाद स्थित निजी शिफा […]

You May Like