
टीकमगढ़। थाना बम्हौरीकलां क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गांव मबई में आकाशीय बिजली गिरने से दो व्यक्ति चपेट में आ गए। ग्रामीणों के द्वारा घायलों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलेरा लाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर क्षेत्र में लगातार तेज बारिश होने के चलते बीते शनिवार के दिन शाम के वक्त सुंदरलाल लोधी उम्र 46 वर्ष निवासी ग्राम मबई छाता लगाकर पेड़ के नीचे बैठ गया। जबकि कुछ ही दूरी पर घनश्यामदास कुशवाहा तेज बारिश रुकने के इंतजार में पेड़ के नीचे खड़ा हुआ था। अचानक तेज गर्जना के साथ आकाश की बिजली गिरने से दोनों व्यक्ति घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मदद करते हुए दोनों घायलों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलेरा भेजा। डॉक्टर के द्वारा तत्काल इलाज करते हुए गंभीर घायल सुंदरलाल लोधी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है, जबकि घनश्यामदास कुशवाहा की हालत ठीक बताई जा रही है। मध्यप्रदेश में अचानक मौसम बदलने के बाद टीकमगढ़ जिले में भी इसका खासा असर देखने को मिल रहा है। यहां तेज बारिश के साथ आए दिन बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने सलाह दी है कि लोग पेड़ों के नीचे खड़े न हों।
