
भोपाल: बीएचईएल, भोपाल में हिंदी के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने के लिए राजभाषा वैजयंती शील्ड और राजभाषा गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक एवं प्रमुख तथा राजभाषा कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष पी.के. उपाध्याय, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टी.यू. सिंह, वरिष्ठ अधिकारी, डीआरओ, विभागीय हिंदी समिति के प्रतिनिधि, प्रतियोगिता विजेता तथा बोर्ड परीक्षा में हिंदी विषय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री उपाध्याय ने कहा कि बीएचईएल भोपाल के दो महाप्रबंधकों को राज्यपाल द्वारा हिंदी सेवा सम्मान मिलना संस्था के लिए गौरव की बात है। उन्होंने यह भी बताया कि बीएचईएल को माननीय गृहमंत्री अमित शाह से राजभाषा कीर्ति पुरस्कार प्राप्त हुआ है, जो हिंदी में उत्कृष्ट कार्य के लिए सर्वोच्च सम्मान है।
सिंह ने कहा कि हिंदी हमारी पहचान और गर्व की भाषा है। बीएचईएल का कार्य वातावरण ऐसा है कि गैर-हिंदीभाषी कर्मचारी भी सहजता से हिंदी अपनाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा विजेता विभागों और कर्मचारियों को शील्ड एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन पूनम साहू, प्रबंधक (मा.सं.-राजभाषा) ने किया।
